काशीपुर भोलेनाथ का जलाभिषेक कर लौट रहे छात्र की बाइक हादसे में मौत

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है, जहां पर दो बाइकों के बीच हुई भिड़ंत में एक 19 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में जिंदगी चली गई। घटना के बाद से मृतक युवक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद ठाकुरद्वारा क्षेत्र के गांव आधोनगला का निवासी 19 वर्षीय विनीत पुत्र राधे श्याम ITI का छात्र था। बीते रविवार को विनीत अपनी बहन काजल और भाई अमन के साथ उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर स्थित मोटेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए निकला था। उनकी योजना थी कि सोमवार को महादेव का जलाभिषेक किया जाए जिसके कारण विनीत रविवार को अपने मौसी के गांव खड़कपुर काशीपुर पहुंच गया था।

सोमवार की सुबह 2:00 विनीत ने अपने भाई बहन और रिश्तेदारों के साथ मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इसके बाद विनीत 3:00 बजे किसी को लेने के लिए बाइक से वापस जा रहा था। तभी खड़कपुर मार्ग पर सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने विनीत की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। दोनों बाइकों के बीच भिड़ंत इतनी जोरदार थी की बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस प्रशासन व विनीत के परिजनों को दी। मौके पर पहुंची पुलिस प्रशासन की टीम व परिजनों द्वारा विनीत को उपचार के लिए काशीपुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया ,जहां पर उसकी हालत नाजुक बनी रही। इसके बाद परिजन विनीत को मुरादाबाद के कॉसमॉस अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बताते चलें मृतक विनीत चार भाई बहनों में दूसरे नंबर का था ,जिसका बड़ा भाई उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत है। परिजनों का कहना है कि विनीत पढ़ाई के साथ-साथ नौकरी की तैयारी भी कर रहा था जो अपने भविष्य को लेकर काफी मेहनती था। विनीत की मौत के बाद से उसके परिजनों समेत क्षेत्र के अन्य लोग भी बेहद दुखी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *