विकासनगर: देहरादून जिले के विकासनगर-त्यूणी क्षेत्र में एक सड़क हादसा सामने आया है. यहां एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर खाई में जा गिरा. हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर घायल है. सूचना पर थाना त्यूणी पुलिस और एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर घायल को खाई से बाहर निकाला. वहीं वाहन मालिक का कहना है कि हादसे में मृतक व घायल वाहन चालक नहीं है. जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. वहीं वाहन चालक का मोबाइल फोन ऑफ आ रहा है.
उत्तराखंड में रविवार को देहरादून जिले के त्यूणी क्षेत्र में एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ. एक पिकअप वाहन पुरटाड की ओर से त्यूणी की ओर जा रहा था, तभी पुरटाड के समीप सुबह पिकअप वाहन चालक गाड़ी से नियत्रंण खो बैठा और वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा. हादसे की सूचना स्थानीय ग्रामीणों द्वारा थाना त्यूणी पुलिस को दी गई. सूचना पर थानाध्यक्ष कुलदीप शाह की टीम और एसडीआरएफ के जवानों ने मौके पर पहुंच कर रेस्क्यू अभियान चलाया.
थानाध्यक्ष कुलदीप शाह ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया. मृतक की पहचान खजान दास पुत्र दुर्भी लाल निवासी ग्राम सुनकुंडी, तहसील मोरी, जनपद उत्तरकाशी, उम्र लगभग 40 वर्ष के रूप में हुई है. मृतक उपरोक्त के शव का पोस्टमार्टम कर मृतक के शव को परिवार जनों के सुपुर्द किया गया. जबकि घायल रविन लाल पुत्र वीर सिंह निवासी ग्राम सूचानु पोस्ट ऑफिस नेटवाड़ तहसील मोरी जिला उत्तरकाशी उम्र 34 वर्ष को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूणी में उपचार के बाद हायर सेंटर देहरादून रेफर किया गया है.