कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र के अंतर्गत देहराखास इलाके में एक पीजी में 21 वर्षीय छात्र ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी है.
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 21 वर्षीय सौरव कुमार राय निवासी पश्चिमी चंपारण, बिहार के रूप में हुई है. सौरव देहरादून में एसजीआरआर पटेल नगर कॉलेज में बैचलर ऑफ फिजियोथेरेपी फर्स्ट ईयर का छात्र था. जबकि देहराखास में नर्सिंग कॉलेज के पास स्थित पीजी में रह रहा था.
पटेल नगर पुलिस के मुताबिक, घटना 8 सितंबर की है. सौरव का रूम पार्टनर प्रांजल शाम करीब 7:43 बजे कॉलेज से वापस कमरे पर पहुंचा. कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था. काफी आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो प्रांजल ने दरवाजे की कुंडी तोड़ दी. अंदर पहुंचने पर सौरव अचेत अवस्था में दिखा.
घटना की जानकारी तत्काल पीजी संचालक को दी गई. पीजी संचालक ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी. सूचना मिलते ही कोतवाली पटेल नगर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने सौरव को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
पुलिस के अनुसार, शव को पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई के लिए मोर्चरी भिजवाया गया. घटना की जानकारी परिजनों को दी गई.