KBC के नाम पर उत्तराखंड के शख्स से 1.5 करोड़ की साइबर ठगी, ₹8.5 लाख और कार जीतने के झांसे में गंवाई रकम

रुद्रप्रयाग जिले के उखीमठ तहसील क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति से साइबर ठगों ने KBC के नाम पर करीब 1.50 करोड़ रुपए की ठगी कर ली. ठगों ने फेसबुक पर चल रहे ‘KBC चेहरा पहचानो गेम’ के नाम पर 8.5 लाख रुपए जीतने और कार इनाम में मिलने का झांसा दिया.

इनाम की रकम जारी करने के नाम पर टैक्स और अलग-अलग शुल्क बताकर पीड़ित से लगातार पैसे जमा कराए गए. पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

जानकारी के अनुसार रुद्रप्रयाग जिले के उखीमठ तहसील के निवासी 54 वर्षीय शख्स ने साइबर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है. उनका कहना है कि 14 जनवरी 2026 को उन्होंने फेसबुक पर ‘KBC चेहरा पहचानो’ गेम में हिस्सा लिया था. इसके बाद उन्हें 8.5 लाख रुपये जीतने का मैसेज मिला. नितिन नाम के व्यक्ति ने व्हाट्सऐप के जरिए संपर्क किया.

शुरुआत में टैक्स के नाम पर 1,550 रुपए जमा कराए. इसके बाद अलग-अलग व्हाट्सऐप नंबरों से ठगों ने संपर्क किया. भरोसा जीतने के लिए प्रधानमंत्री, एक बड़े उद्योगपति और सबसे बड़े अभिनेता के फोटो के साथ RBI के फर्जी दस्तावेज भी भेजे गए. ठगों ने इस शख्स को बताया कि उसने 8.5 लाख रुपए के साथ एक चार पहिया वाहन भी जीता है.

इनाम और कार दिलाने के नाम पर मार्च से सितंबर 2026 के बीच पीड़ित से अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कराई गई. शिकायत के मुताबिक, उन्होंने बैंक ऑफ बड़ौदा, SBI, चमोली जिला सहकारी बैंक और उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के खातों से पैसे भेजे. आरोप है कि ठगों की मांग पूरी करने के लिए उन्होंने परिचितों से उधार लेकर भी रकम दी. इस तरह करीब 1.50 करोड़ रुपए ठगों के पास पहुंच गए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *