सीएम धामी आज नरेंद्रनगर दौरे पर रहे. नरेंद्रनगर में सीएम धामी ने 50वें सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का ध्वजारोहण कर विधिवत शुभारंभ किया. नौ दिवसीय राज्यस्तरीय मेले की स्वर्ण जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री ने झांकियों का अवलोकन किया. साथ ही विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन कर विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मां कुंजापुरी मेले के शुभारंभ अवसर पर टिहरी जनपद में संचालित विकास योजनाओं का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड और पर्यटन मार्ग का निर्माण किया जा रहा है. इसके साथ ही नरेंद्रनगर में राजकीय पॉलिटेक्निक के उच्चीकरण, केंद्रीय विद्यालय, विधि महाविद्यालय, सभागार निर्माण, गजा अस्पताल के उच्चीकरण और करीब 50 करोड़ रुपये की सीवर लाइन सहित विभिन्न योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार स्थानीय जरूरतों के अनुरूप आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर रही है.
मां कुंजापुरी मेले की स्वर्ण जयंती के शुभारंभ पर नरेंद्रनगर में आकर्षक झांकियां निकाली गईं. छोलिया नृत्य, महिषासुर मर्दिनी, नरसिंह अवतार, माखन होली, मां कुंजापुरी और बदलता नरेंद्रनगर जैसी झांकियों ने दर्शकों का मन मोह लिया. सांस्कृतिक दलों के साथ प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया. झांकियों और जनजागरूकता रैली के माध्यम से लोक संस्कृति, सामाजिक जागरूकता और विकास के संदेश दिए गए.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा पलायन रोकना, स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत करना और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने होमस्टे, एक जनपद-दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालयाज, स्टेट मिलेट मिशन और एप्पल मिशन जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके माध्यम से स्थानीय उत्पादों, कृषि और पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के नए अवसर पैदा हो रहे हैं.
नरेंद्रनगर में मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की स्वर्ण जयंती के अवसर पर 11 से 19 अक्टूबर तक नौ दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. मेले में खेलकूद प्रतियोगिताओं, विद्यालय स्तरीय आयोजनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे. कार्यक्रम में नरेंद्र सिंह नेगी, किशन महिपाल, मीना राणा, संगीता ढौंडियाल, पांडवाज बैंड सहित कई कलाकार शामिल होंगे. मेले का समापन पद्मश्री प्रीतम भरत्वाण के जागर गायन के साथ होगा.