उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बुधौली स्थित दुआ बॉयज हॉस्टल से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आ रहा है, जहां पर नशे की लत के कारण दोस्त चोर बन गए। पुलिस प्रशासन द्वारा 4 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। बताते चले आरोपियों में एक कबाड़ी भी शामिल है।
अभी तक मिली जानकारी के अनुसार देहरादून जिले के प्रेम नगर थाना क्षेत्र के बिधौली निवासी आदित्य शर्मा उर्फ रिंकू नशे का आदी है। आदित्य ने अगस्त में एक दोस्त के घर जाते समय सुनसान जगह पर बंद पड़ा दुआ बॉयज हॉस्टल देखा था। इस दौरान उसने हॉस्टल में जाकर झाँका तो उसे कई बेड अलमारियां गीजर जिम का सामान और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण दिखाई दिए। सामान देखकर उसके मन में चोरी का लालच आया और उसने सामान बेचकर नशे के लिए लोगों से लिया कर्ज चुकाने की योजना बनाई। योजना में उसने अपने 2 साथियों जोगेंद्र कुमार और सचिन कुमार को योजना में शामिल किया।
तीनों ने मिलकर दुआ बॉयज हॉस्टल का पहले ताला तोड़ा और वहां से लकड़ी का बेड लोहे की अलमारियां एक गीजर और अन्य सामान चोरी किया। सामान चोरी करने के बाद आरोपियों ने चोरी का बेड अलमारी असलम नाम के कबाड़ी को बेच दी। जबकि गीजर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान घटना में शामिल एक अन्य कबाड़ी के पास चला गया था। चोरी के कुछ बेड और अलमारियां आरोपियों के पास बची हुई थी जिन्हें वे बेचने की फिराक में थे।
चोरी की घटना की जानकारी मिलते ही हॉस्टल संचालक रजत दुआ ने बीते 11 अक्टूबर को प्रेम नगर थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस प्रशासन द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश की गई। इस दौरान उन्होंने चेकिंग करते हुए चार आरोपियों को तल्ली कंडोली बिधौली क्षेत्र में चोरी के सामान के साथ पकड़ा। घटना में शामिल आरोपियों की पहचान आदित्य शर्मा उर्फ रिंकू, जोगेंद्र कुमार, सचिन कुमार और असलम के रूप में हुई है जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।