उत्तराखंड में भाजपा को बड़ा झटका, यशपाल बेनाम ने छोड़ी बीजेपी, पार्टी से दिया इस्तीफा – Doon Ujala

उत्तराखंड में भाजपा को बड़ा झटका, यशपाल बेनाम ने छोड़ी बीजेपी, पार्टी से दिया इस्तीफा

उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पौड़ी जनपद में भाजपा को बड़ा झटका लगा है. पौड़ी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक और पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष यशपाल बेनाम ने भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है.

आठ साल तक भाजपा में रहने के बाद उन्होंने 18 अक्टूबर को पार्टी से नाता तोड़ लिया. उन्होंने अपने इस फैसले के पीछे व्यक्तिगत कारणों के साथ ही पार्टी में खुद को सही ढंग से नहीं समझे जाने और घुटन महसूस होने की बात कही है. हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि अपने अगले राजनीतिक कदम को लेकर वह जल्द ही फैसला लेंगे.

यशपाल बेनाम ने कहा आज से ठीक आठ साल पहले, 18 अक्टूबर को ही वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए थे. संयोग से आठ साल बाद 18 अक्टूबर को ही उन्होंने पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया. उन्होंने कहा कि पार्टी से जुड़े विभिन्न नेताओं के बीच उन्हें सही ढंग से समझने का प्रयास नहीं किया गया. इसके चलते वह भाजपा में घुटन महसूस कर रहे थे. उन्होंने कहा उन्हें इस तरह की परिस्थितियों में जीने की आदत नहीं है, इसलिए उन्होंने पार्टी से अलग होने का फैसला लिया.

उन्होंने कहा उनका राजनीतिक सफर हमेशा अपने सिद्धांतों और स्वतंत्र विचारधारा के साथ आगे बढ़ा है. वह निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ते रहे. जनता के समर्थन से जीत भी हासिल की. बेनाम के अनुसार, उनके पास जो राजनीतिक क्षमताएं हैं, उन्हीं के दम पर उन्होंने चुनावों में अपनी पहचान बनाई, लेकिन भाजपा में आठ साल बिताने के बावजूद पार्टी ने उनकी क्षमताओं का समुचित उपयोग नहीं किया.

यशपाल बेनाम पौड़ी की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं. वर्ष 2007 में वह पौड़ी विधानसभा सीट से विधायक निर्वाचित हुए थे. इसके अलावा वह दो बार निर्दलीय और एक बार भाजपा के टिकट पर नगरपालिका अध्यक्ष भी रह चुके हैं. निर्दलीय राजनीति से अपनी पहचान बनाने वाले बेनाम का स्थानीय राजनीति में प्रभाव रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *