संदिग्ध परिस्थितियों में आईआईटी रुड़की के छात्र की मौत, हॉस्टल के कमरे में मिला शव – Doon Ujala

संदिग्ध परिस्थितियों में आईआईटी रुड़की के छात्र की मौत, हॉस्टल के कमरे में मिला शव

देश के प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की में बीटेक सेकंड ईयर के बीस वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. छात्र का शव गोविंद भवन हॉस्टल के कमरे में मिला है. प्रथम दृष्यता मामला आत्महत्या का लग रहा है. मृतक की पहचान गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन निवासी आयुष राजोरिया के रूप में हुई है.

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें छात्र ने जिंदगी से परेशान होने और जीवन का आनंद नहीं उठा पाने की बात लिखी है. पुलिस के मुताबिक आयुष राजोरिया गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन का रहने वाला था. वह आईआईटी रुड़की में बीटेक की पढ़ाई कर रहा था और सेकंड ईयर का छात्र था.

बताया गया कि वह संस्थान परिसर में रहकर पढ़ाई कर रहा था. शुक्रवार को उसका शव आईआईटी रुड़की के ही हॉस्टल में मिला है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में कमरे से सुसाइड नोट मिलने की बात सामने आई है. सुसाइड नोट में आयुष ने जिंदगी से परेशान होने और जीवन का आनंद नहीं उठा पाने का जिक्र किया है. पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

छात्र ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है. हालांकि पुलिस अभी आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह की जांच कर रही है. पुलिस ने छात्र के मोबाइल फोन और अन्य सामान की भी जांच शुरू कर दी है. वही घटना के बाद आईआईटी रुड़की परिसर में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के बीच शोक का माहौल है. पुलिस छात्र के साथ पढ़ने वाले विद्यार्थियों और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों से भी जानकारी जुटा रही है.

जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना से पहले छात्र किसी तरह के तनाव में था या नहीं. सीओ रुड़की ओशिन जोशी ने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब एक बजे कोतवाली पुलिस को गोविंद भवन हॉस्टल में छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी.

सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट पुलिस टीम और फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे. दरवाजा नहीं खुलने पर सुरक्षा गार्डों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया. कमरे के अंदर आयुष का शव था. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *