हिमालयी राज्य उत्तराखंड की धरती आज दो बार भूकंप से हिली है. इस बार चमोली जिले में भूकंप के झटके महसूस हुए हैं. नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार चमोली में 4.1 मैग्नीट्यूड का भूकंप आया है.
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (National Center for Seismology) के अनुसार चमोली में आज सुबह 10 बजकर 21 मिनट पर भूकंप आया. इसकी गहराई 10 किलोमीटर बताई गई है. एनसीएस के अनुसार भूकंप का केंद्र जोशीमठ से 19 किलोमीटर दक्षिण में था. इसकी तीव्रता 4.1 मैग्नीट्यूड थी.
इसके ठीक आधे घंटे बाद 10 बजकर 52 मिनट पर चमोली में फिर से भूकंप आ गया. इस बार इसकी तीव्रता 2.8 मैग्नीट्यूड बताई गई है. चमोली जिले में जो दूसरा भूकंप आया है, उसका केंद्र जोशीमठ से 24 किलोमीटर दूर दक्षिण-दक्षिण पश्चिम था.
चमोली में भूकंप के बाद पड़ोसी देश अफगानिस्तान की धरती भी अर्थक्वेक से कांपी है. अफगानिस्तान में काबुल से 312 किलोमीटर दूर भूकंप आया. ये भूकंप के झटके 10 बजकर 55 मिनट पर महसूस हुए.