उत्तराखंड में प्रशासनिक फेरबदल हुआ है. भारतीय प्रशासनिक सेवा के 6 अफसरों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है. जिन अफसरों के विभागों में बदलाव किया गया है या अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, उनसे तत्काल नई जिम्मेदारी ग्रहण करने को कहा गया है.
आईएएस नितेश कुमार झा की जिम्मेदारी कम की गई है. सचिव शहरी विकास, पंचायती राज विभाग नितेश कुमार को सचिव पंचायती राज विभाग के पद से हटा दिया गया है. अब उनके पास सिर्फ सचिव शहरी विकास का पद रह गया है.
सचिव, कौशल विकास एवं सेवायोजन, वन पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग सी रविशंकर के विभाग बढ़ाए गए हैं. उन्हें सचिव, सैनिक कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है.

सचिव, संस्कृति, सैनिक कल्याण, सचिवालय प्रशासन विभाग, महानिदेशक संस्कृति युगल किशोर पंत की जिम्मेदारी भी कम की गई है. उनसे सचिव, सैनिक कल्याण विभाग का पद वापस ले लिया गया है.
सचिव, पुनर्गठन, भाषा विभाग, निदेशक उत्तराखंड सामाजिक अंकेक्षण जवाबदेही एवं पारदर्शिता अभिकरण उमेश नारायण का कद बढ़ा है. उन्हें सचिव पंचायती राज विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है.
अपर सचिव लोक निर्माण, श्रम, आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग विनीत कुमार को भी अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है. अपनी पूर्व की जिम्मेदारियों के साथ विनीत अब निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण देहरादून, प्रबंधन निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण निगम का काम भी देखेंगे.
दीप्ति सिंह के भार को भी कम किया गया है. अब तक निदेशक खेल, युवा कल्याण निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण देहरादून, प्रबंध निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण निगम की जिम्मेदारी संभाल रहीं दीप्ति से निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण देहरादून, प्रबंध निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण निगम की जिम्मेदारी हटा दी गई है.
अपर सचिव नवनीत पांडे ने सभी संबंधित अफसरों से अपने अवमुक्ति के वर्तमान पदभार और विभाग से कार्यमुक्त होकर नई तैनाती के पदभार और विभाग में तत्काल कार्यभार ग्रहण कर रिपोर्ट करने को कहा है.