उत्तराखंड के पर्वतीय अंचलों में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. ताजा हादसा चंपावत के स्वाला टनकपुर रोड के पास घटित हुआ है. यहां एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 20-30 मीटर नीचे खाई में जा गिरी और पेड़ पर अटक गई. बताया जा रहा है कि वाहन में कुल पांच व्यक्ति सवार थे. हादसे में चार लोग सुरक्षित बाहर निकलकर सड़क तक पहुंच गए, जबकि एक व्यक्ति वाहन से छिटककर लगभग 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट चंपावत से उप निरीक्षक प्रेम उपरारी के नेतृत्व में टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया. एसडीआरएफ की टीम ने गहरी खाई में उतरकर खाई में गिरे व्यक्ति को रेस्क्यू कर सड़क तक पहुंचाया. मृतक की पहचान अजीत कुशवाहा पुत्र आनंद कुशवाहा, निवासी गोंडा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई. वहीं टीम ने शव को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं अभी तक हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है. वहीं प्रथम दृष्टया में हादसे की वजह तेज रफ्तार माना जा रहा है.
मार्ग पर अचानक मोड़ और ढलान के कारण कार चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे ये हादसा घटित हुआ. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई. स्थानीय लोगों ने भी रेस्क्यू में एसडीआरएफ की मदद की. सभी पांच लोग उत्तर प्रदेश से उत्तराखंड की ओर यात्रा पर जा रहे थे. हादसे में चार लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है. पुलिस हादसे की जांच में जुटी है.
गौर हो कि वहीं 7 सितंबर को चंपावत जिले के बाराकोट-घाट-पनार मोटर मार्ग पर सड़क खुलने का इंतजार कर रही एक कार पर पहाड़ी से अचानक बोल्डर गिर गया था. कार पर मलबा और बोल्डर गिरने से पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में युवक की मौत हो गई थी. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस, एसडीआरएफ समेत राहत-बचाव टीमों ने रेस्क्यू अभियान चलाया. हादसे के समय 2 युवक वाहन के अंदर बैठे थे, जबकि, 3 युवक कार के बाहर खड़े थे. जो बोल्डर की चपेट में आने से घायल हो गए.