यमुनोत्री धाम में बुरे हाल, नीचे खाई-ऊपर जाम – Doon Ujala

यमुनोत्री धाम में बुरे हाल, नीचे खाई-ऊपर जाम

चार धाम यात्रा के पहले दिन यमुनोत्री धाम में यात्रा व्यवस्थाओं की पोल खुली है। ‌सबसे अधिक परेशानी तीर्थ यात्रियों को पाली गाड़ से लेकर फूल चट्टी तक संकरी सड़क पर लगे लंबे जाम के कारण झेलनी पड़ी है।यहां जाम के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। एक ओर नीचे खाई थी तो दूसरी ओर संकरे मार्ग पर खचाखच भीड़ थी। जिसे देख लोग खौफ से भर गए। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है जो सच में डरा देने वाला है। दरअसल, जानकी चट्टी से यमुनोत्री धाम तक करीब पांच किलोमीटर लंबे पैदल मार्ग पर भी जाम की स्थिति बन रही है। यह मार्ग कई स्थानों पर बेहद ही संकरा है। गत शुक्रवार इस पैदल मार्ग पर लंबा जाम लगा था। जिसके कारण धाम में भी श्रद्धालु सही ढंग से दर्शन नहीं कर पाए।

यमुनोत्री धाम के सड़क पड़ाव स्थल जानकी चट्टी और खरसाली में पार्किंग की व्यवस्था भी चरमराई है। यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय व्यवसायों और तीर्थ पुरोहितों ने भी आक्रोश व्यक्त किया है। भाजपा के नेता एवं स्थानीय निवासी संदीप राणा ने कहा कि यमुनोत्री यात्रा व्यवस्था में लगे सभी विभाग मस्त, यात्रा अस्त-व्यस्त है।मंदिर समिति भी कोई ठोस व्यवस्था नहीं कर पा रही है। सही ढंग से यमुनोत्री में तीर्थ यात्रियों को दर्शन की व्यवस्था नहीं की जारी है। मंदिर समिति की जहां पर दुकानें हैं। वहां पर तीर्थ यात्रियों के लिए रैन बसेरा एवं शौचालय बनना चाहिए।उन्होंने कहा कि आखिर जिला पंचायत और पुलिस प्रशासन राष्ट्रीय राजमार्ग के पाली गाड़ में बैरियर क्यों लग रहा है ।‌ यहां तीर्थ यात्रियों से टैक्स भी वसूला जा रहा है‌। जबकि सुविधा कुछ नहीं दी जा रही है। पैदल यात्रा मार्ग पर भी घोड़ा संचालन और डंडी कांडी संचालन की सही व्यवस्था नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *