Uttarakhand के 14 लाख राशन कार्डधारकों को अब मिलेगा आयोडाइज्ड नमक, किमत बस आठ रुपये किलो – Doon Ujala

Uttarakhand के 14 लाख राशन कार्डधारकों को अब मिलेगा आयोडाइज्ड नमक, किमत बस आठ रुपये किलो

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में नमक पोषण योजना का शुभारंभ किया। योजना के तहत अंत्योदय और प्राथमिक परिवार योजना के करीब 14 लाख राशन कार्डधारकों को प्रतिमाह आयोडाइज्ड नमक उपलब्ध कराया जाएगा। आयोडाइज्ड नमक आठ रुपये प्रति किलो की दर से मिलेगा।शनिवार को मुख्यमंत्री धामी ने नींबूवाला में हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नमक पोषण योजना की शुरुआत की। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार प्रदेश के हर गरीब और समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति का जीवन बेहतर और सार्थक बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत संपूर्ण देश में निश्शुल्क राशन वितरण किया जा रहा है। यह योजना लगातार अगले पांच सालों तक चलती रहेगी। योजना के अंतर्गत उत्तराखंड के 14 लाख गरीब परिवारों को हर माह मुफ्त राशन का लाभ मिल रहा है। राज्य सरकार जनता को शुद्ध और बेहतर पोषणयुक्त राशन देने के लिए संकल्पबद्ध है। सरकार की प्राथमिकता पारदर्शी प्रणाली को स्थापित करना है।

फोर्टिफाइड चावल

उन्होंने कहा कि कुछ लोगों द्वारा फोर्टिफाइड चावल को प्लास्टिक का चावल बताकर आमजन को भ्रमित किया जा रहा था। कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अनेक गरीब कल्याण की योजनाएं चलाई गई हैं। आयुष्मान भारत योजना से पांच लाख तक का इलाज मुफ्त में दिया जा रहा है। स्वच्छ भारत अभियान के तहत हर घर में शौचालय बनाए गए हैं।

आवास योजना से पक्के घर और हर घर को नल और जल से आच्छादित किया जा रहा है। लखपति दीदी योजना के तहत महिलाओं को सशक्त बनाकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। जिसके फलस्वरूप बीते 10 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। उत्तराखंड में भी पिछले पांच वर्षों में नौ लाख से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आ चुके हैं। हर वर्ग के लोगों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं चलाई गई हैं।काबीना मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री नमक पोषण योजना गरीब परिवारों की आवश्यकताओं को पूर्ण करने का एक प्रयास है। मुफ्त खाद्यान के साथ ही उसमें पोषण तथ्यों का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। मिड-डे मील में भी भोजन पोषण तथ्यों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। मुख्यमंत्री नमक पोषण योजना से गरीब परिवारों को सस्ती दरों पर नमक उपलब्ध हो सकेगा।

गांव में रहकर करीब से देखा है गरीबों का संघर्ष

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाएं शहरों से लेकर पर्वतीय क्षेत्र के अंतिम गांव तक पहुंच रही हैं। राज्य में गरीबी रेखा से बाहर निकलने के मामले में पर्वतीय जनपदों का बेहतर प्रदर्शन है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने गांव में रहते हुए गरीबों के संघर्ष को करीब से देखा है। राज्य सरकार विकल्प रहित संकल्प के साथ राज्य के प्रत्येक गरीब के विकास के लिए प्रतिबद्ध होकर काम कर रही है। राज्य में प्रत्येक वर्ग के लिए योजनाएं संचालित हो रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *