अवैध खनन को लेकर उत्तराखंड में गर्मायी सियासत, महेंद्र भट्ट बोले पारदर्शी नीति से बढ़ा तीन गुना राजस्व

भाजपा ने खनन में राजस्व की रिकार्ड वृद्धि को राज्य की आर्थिकी के लिए सुखद बताया है. साथ ही कांग्रेस नेताओं के दुष्प्रचार को उसकी बौखलाहट बताया है. बता दें हरिद्वार सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बीते दिन पहले संसद में उत्तराखंड में धड़ल्ले से हो रहे अवैध खनन का मुद्दा उठाया था. जिसके बाद कांग्रेस ने पूर्व सीएम का समर्थन कर राजनीतिक रोटियां शेकना शुरू कर दिया था. अब प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने धामी सरकार की तारीफ कर विपक्ष पर हमला बोला है.

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि आंकड़े इस बात को साबित करते हैं कि चालू वित्तीय वर्ष तक खनन राजस्व में 3 गुना से अधिक वृद्धि हुई है. वहीं पारदर्शी नीति के कारण माफियाओं से 8 गुना वसूली होने से कांग्रेस दुखी है. हमारी पारदर्शी और ईमानदार खनन नीति में राज्य की आर्थिक सेहत बेहतर होने के साथ ही जनता की जेब पर बोझ कम हुआ है. भट्ट ने खनन को लेकर विपक्ष के आरोपों को अनर्गल, बेबुनियाद और उनके सहयोगी माफियाओं को होने वाले नुकसान की खीज बताया है.

महेंद्र भट्ट ने कहा खनन क्षेत्र में धामी सरकार के शानदार प्रबंधन के कारण राजस्व में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है. जब 2017 में भाजपा सरकार बनी तो उस समय पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार खनन राजस्व के नाम कर मात्र 335.27 करोड़ रुपए छोड़ गए थे.

महेंद्र भट्ट ने कहा उसके बाद से भाजपा की सरकारों ने इसे गंभीरता से लिया. तब से खनन से राजस्व की प्राप्ति में गुणात्मक इजाफा हो रहा है. जब सीएम धामी के नेतृत्व वाली सरकार और विशेषकर 2022 के बाद से तो वर्तमान वित्तीय वर्ष तक खनन राजस्व और माफियाओं से हुई वसूली में नए कीर्तिमान स्थापित हुए हैं. यह सब सरकार की पारदर्शी खनन नीति के चलते हुई है. इसके अलावाअवैध खनन, परिवहन और भण्डारण पर प्रभावी नियंत्रण और गतिमान कार्यवाही, ई-निविदा सह ई-नीलामी के माध्यम से खनन पट्टों का आवंटन सुनिश्चित किया गया है. जिसका नतीजा है कि वित्तीय वर्ष 2024-25 मे अब तक लगभग 1025 करोड़ का राजस्व अर्जित कर चुका है, जिसके 1100 करोड़ के पार जाने की पूरी उम्मीद है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *