उत्तराखंड में रोडवेज बस और कार की भयानक टक्कर, हादसे में एक की दर्दनाक मौत

हरिद्वार जिले के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में हरियाणा रोडवेज बस और एक कार के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई. हादसे के बाद चालक बस के साथ मौके से फरार हो गया. इस हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की जान चली गई. जबकि, कार में सवार 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में एक की हालत नाजुक बताई जा रही है. हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए. उधर, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया. इसके साथ ही पुलिस मामले की बारीकी से जांच पड़ताल में जुट गई है.

जानकारी के मुताबिक, हरियाणा के सापला निवासी हेमंत वशिष्ठ पुत्र बाबूलाल, लोकेश सोनी पुत्र बलवान, राहुल गर्ग पुत्र सुभाष गर्ग और कैलाश कुमार पुत्र चंद्रासन अपनी स्विफ्ट कार में सवार होकर हरिद्वार जा रहे थे. जैसे ही उनकी कार मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के नारसन में स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंची तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार हरियाणा डिपो की रोडवेज बस ने टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का कचूमर बन गया.

वहीं, हादसे के बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई. बताया जा रहा है कि इस हादसे में हेमंत वशिष्ठ पुत्र बाबूलाल की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि, तीन अन्य लोग घायल हुए हैं. सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को 108 के माध्यम से उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *