टिहरी जिले में ऋषिकेश के पास तपोवन क्षेत्र में दिल्ली के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. युवक की लाश होटल के कमरे में मिली है. होटल के कर्मचारियों ने ही पुलिस को मामले की जानकारी दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की और पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. होटल के कमरे से पुलिस को एक नोट भी मिला है.
नोट में युवक ने खुद को काफी तनाव में होने का ज़िक्र किया है. पुलिस ने मामले में अग्रिम जांच और कार्रवाई शुरू कर दी है. इसीलिए प्रथम दृष्टया पुलिस मामला आत्महत्या का ही मान कर चल रही है. मुनि की रेती थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान ने बताया कि युवक की शिनाख्त 23 साल के कुशल कुमार निवासी दिल्ली के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार कुशल कुमार 4 मई को तपोवन के एक होटल में कमरा किराए पर लेकर रुका था. 5 मई की सुबह होटल स्टाफ ने युवक को सकुशल देखा था, लेकिन दोपहर बाद दिल्ली से परिजनों ने होटल रिसेप्शन पर बेटे की कुशलता पूछने के लिए फोन किया और होटल कर्मी को कमरे में जाने के लिए कहा, लेकिन दरवाजा अंदर से नहीं खुला तो मौके पर पुलिस को बुलाया गया.
पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर गई तो देखा कि कुशल की मौत हो चुकी है. पुलिस ने कुशल कुमार का शव फंदे से नीचे उतारा और कमरे की छानबीन की. कमरे में पुलिस को एक नोट मिला, जिसमें कुशल कुमार ने तनाव में होने की वजह से आत्महत्या करने का जिक्र किया है.
तपोवन चौकी प्रभारी प्रवीन रावत ने घटना की जानकारी देकर परिजनों को मौके पर बुलाया है. इसके अलावा कैलाश गेट चौकी प्रभारी किशन देवरानी ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. पुलिस में मामले में अग्रिम जांच और कार्रवाई शुरू की है.