शहर की कनखल पुलिस की गश्त के कारण एक बैंक एटीएम को लूटने से बचा लिया गया. पुलिस ने गैस कटर से एटीएम काट रहे दो चोरों को गिरफ्तार किया, जबकि उनका साथी फरार होने में कामयाब रहा. बताया जा रहा है कि एटीएम में 25 लाख रुपए थे. चोर यूट्यूब से एटीएम काटने का तरीका सीखकर आए थे.
दरअसल, 19 मई देर रात गश्त करती हुई पुलिस देश रक्षक से दादूबाग की तरफ आ रही थी. तभी पीएनबी बैंक जगजीतपुर ब्रांच के पास से एक युवक भागता दिखाई दिया. जबकि एटीएम के बाहर एक आई-20 कार खड़ी हुई थी. एटीएम का शटर बाहर से बंद होने के बाद भी अंदर से आवाजें आ रही थी. पुलिस जवानों ने पास जाकर सुना तो अंदर से गैस कटर की आवाज आ रही थी.
पुलिस जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए शटर को बाहर से लॉक कर दिया और अन्य फोर्स को मौके पर बुलाया. फोर्स के पहुंचने पर शटर खोला गया तो अंदर दो व्यक्ति मौजूद थे. दोनों तब तक आधा एटीएम गैस कटर से काटा चुके थे और एटीएम में धुआं फैला हुआ था. बताया जा रहा है कि एटीएम में 25 लाख रुपए थे.
मामले पर पूरी जानकारी देते हुए हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि आरोपी नशे के आदी हैं और एटीएम लूटने के इरादे से हरियाणा से हरिद्वार आए थे. इन्होंने एटीएम काटने का तरीका यूट्यूब से सीखा. फिर दो-तीन दिन पहले रेकी की और देर रात योजना को अंजाम देने आए थे. लेकिन पुलिस की मुस्तैदी के कारण यह संभव न हो पाया और इनका प्लान फेल हो गया. वहीं मौके से फरार अन्य बदमाश की तलाश जारी है.
एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान 25 वर्षीय कार्तिक राणा (पुत्र राजेंद्र राणा निवासी विकासनगर सेक्टर 29 पानीपत, हरियाणा) और 28 वर्षीय धीरज (पुत्र जयपाल निवासी राजीव कॉलोनी हासी रोड करनाल, हरियाणा) के रूप में हुई है.