उत्तराखंड के कोटद्वार में पारिवारिक भूमि विवाद ने रिश्तों का खून कर दिया. इस घटना में एक युवक ने रॉड से हमला कर अपनी ताई की हत्या कर दी. जबकि, ताऊ भी गंभीर रूप से घायल हो गया. फिलहाल, घायल ताऊ का अभी अस्पताल में उपचार चल रहा है. वहीं, अपने ताऊ और ताई पर हमला करने वाले युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है.
दरअसल, पौड़ी के कोटद्वार में रात के समय एक शांत पारिवारिक माहौल उस समय हिंसा और चीख पुकार में बदल गई, जब पारिवारिक जमीन को लेकर चल रहे विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. जहां एक युवक ने आपा खोते हुए अपने ताऊ और ताई पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में ताई की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि, ताऊ गंभीर रूप से घायल है, जिसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
बताया जा रहा है कि खुद हमलावर ने 108 पर कॉल कर एंबुलेंस को बुलाया, जिससे ताऊ को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी. पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है और आगे की बारीकी से जांच की जा रही है. पुलिस की मानें तो आरोपी और पीड़ितों के बीच लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा था.
वहीं, हमले का मुख्य कारण आपसी झगड़े और गुस्से पर नियंत्रण न रख पाना बताया जा रहा है. वहीं, स्थानीय पुलिस को जानकारी मिलते ही पुलिस ने पूरे मामले में जांच शुरू कर दी है. यह घटना परिवार के भीतर संपत्ति या भूमि से जुड़े विवादों के गंभीर परिणामों को दर्शाती है.