देहरादून के विकासनगर में बड़ा हादसा : हिमाचल रोडवेज की बस खाई में गिरी, तीन की मौत

देहरादून। उत्तराखंड के विकासनगर क्षेत्र में आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हिमाचल प्रदेश की रोडवेज बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश के नेरवा से पांवटा साहिब जा रही एचपी रोडवेज की बस हरिपुर–कोटी–मीनस राजमार्ग पर क्वानू के पास अचानक नियंत्रण खो बैठी और खाई में जा गिरी। बस में करीब 30 से अधिक यात्री सवार बताए जा रहे हैं।

अब तक मिली जानकारी के मुताबिक इस हादसे में दो महिलाओं और एक पुरुष की मौत हो चुकी है, जबकि कई यात्री घायल बताए जा रहे हैं। एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाने में जुटी हुई है।

थाना प्रभारी कालसी दीपक धारीवाल ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चल रहा है और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *