हरिद्वार में युवक और मजदूर की संदिग्घ परिस्थितियों में मौत, पड़ताल में जुटी पुलिस

रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर स्थित नहर किनारे एक 24 वर्षीय युवक का संदिग्घ परिस्थितियों में शव मिलने से हड़कंप मच गया, युवक का शव पेड़ से लटका मिला. युवक बुधवार दोपहर से लापता था, सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जांच पड़ताल की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

पुलिस के अनुसार मृतक देवकली, शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला था. वह हरिद्वार के बहादराबाद स्थित एक टायर फैक्ट्री में काम करता था और सिडकुल क्षेत्र की सरस्वती विहार कॉलोनी में पत्नी के साथ रहता था. बताया गया कि युवक बुधवार दोपहर करीब एक बजे घर से निकला था. परिजनों के अनुसार वह घर से जाते समय पत्नी से चुन्नी मांगकर ले गया था. देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की.

बीते दिन को उसका शव सलेमपुर नहर किनारे पेड़ से लटका मिला. जानकारी के मुताबिक युवक ने दो वर्ष पहले अपने से बड़ी 32 वर्षीय महिला से विवाह किया था. घटना के पीछे के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. इंस्पेक्टर आशुतोष राणा ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है.

वहीं दूसरी ओर एक मजदूर ने भी खौफनाक कदम उठा लिया. पथरी थाना क्षेत्र के गांव डांडी में होली के दिन एक 40 वर्षीय व्यक्ति मूल निवासी मधेपुरा, बिहार, पिछले कई वर्षों से गांव डांडी में एक किसान के खेत पर बने ट्यूबवेल की रखवाली करता था. साथ ही परिवार के साथ वहीं रह रहा था. बताया जा रहा है कि होली के दौरान वह शराब के नशे में था. इसी बात को लेकर उसकी पत्नी से कहासुनी हो गई.

परिजनों के अनुसार पत्नी द्वारा शराब पीने से मना करने पर व्यक्ति ट्यूबवेल के कमरे के भीतर चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया. कुछ देर बाद जब दरवाजा नहीं खुला तो पत्नी ने खेत स्वामी को सूचना दी. दरवाजा तोड़कर देखा गया तो व्यक्ति का शव पंखे से लटका मिला. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. एसओ पथरी मनोज नौटियाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला गृह क्लेश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *