नानकमत्ता सड़क हादसा: नई कार लेकर लौट रहे शिक्षक समेत दो की मौत, क्षेत्र में शोक की लहर

उत्तराखंड के नानकमत्ता में मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में चंपावत निवासी शिक्षक समेत दो लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, माडली (चंपावत) निवासी 41 वर्षीय संजय पांडे पुत्र भुवन पांडे राजकीय इंटर कॉलेज बालातड़ी में शिक्षक के पद पर तैनात थे। मंगलवार को वह अपने साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश जोशी के साथ नई कार खरीदने के लिए हल्द्वानी गए थे। देर रात दोनों नई कार से वापस लौट रहे थे।

इसी दौरान नानकमत्ता के पास उनकी कार की सामने से आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि संजय पांडे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी चंद्रप्रकाश जोशी बाल-बाल बच गए। हादसे में फॉर्च्यूनर सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। वहीं, फॉर्च्यूनर में सवार एक अन्य व्यक्ति की भी जान चली गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया गया है।

संजय पांडे अपने पीछे पत्नी, तीन बच्चों, माता-पिता और दादी को छोड़ गए हैं। उनकी असमय मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। वह एक अच्छे शिक्षक होने के साथ-साथ भजन गायन के लिए भी क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे। उनके निधन से शिक्षा जगत और स्थानीय लोगों में गहरा दुख है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *