विकासनगर: गुमशुदा युवती हत्या प्रकरण में पुलिस के प्रयासों से मृतका के कंकाल की शिनाख्त हुई है. पुलिस विवेचना के दौरान प्राप्त इलेक्ट्रॉनिक व परिस्थिति जन्य साक्ष्यों के आधार पर पूर्व में घटना में शामिल 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों ने पूछताछ में युवती का शव शक्तिनहर में फेंकने की जानकारी दी थी. जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी.
7 सितम्बर 2025 को जीवनगढ़ विकासनगर निवासी गोपाल ने थाना विकासनगर में अपनी पुत्री की गुमशुदगी दर्ज करायी थी. जांच के दौरान लड़ती पिता ने थाने पर आकर शिकायत दर्ज कराई कि उनकी 22 वर्षीय बेटी को शहबाज निवासी ढकरानी विकासनगर काफी समय से परेशान कर रहा था. उन्होंने बेटी को बहला फुसलाकर ले जाकर गायब करने किए जाने का शक जताया. शिकायतकर्ता की तहरीर के आधार पर तत्काल थाना विकासनगर में शहबाज के विरूद्ध मुकदमा अपराध संख्या -261/2025धारा -140(1) BNS पंजीकृत किया गया. जांच उपनिरीक्षक विवेक भंडारी को सौंपी गई.
विवेचना के दौरान गुमशुदा की सीडीआर, सीसीटीवी की जांची गई. पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर 12 सितंबर 2025 को संदिग्ध शहबाज निवासी ढकरानी गिरफ्तार किया गया. आरोपी से सख्ती से पूछताछ की गई. तब आरोपी शहबाज ने बताया वह अपर्हता को जानता था. उसने उस पर शारीरीक संबंध बनाने का दबाव बनाया था. जब उसने मना किया तो उसने ढकरानी निवासी फैजान और एक अन्य किशोर के साथ मिलकर 7 सितंबर 2025 को लड़की को मारने की नियत से बहला फुसलाकर उसे बुलाया. जिसके बाद कुल्हाल क्षेत्र में गला घोंट कर हत्या कर दी. बाद में शव को शक्ति नहर में फेंक दिया. जिसके आधार पर आभियोग में धारा 103/238/61(1)BNS की बढोत्तरी की गई. आभियोग की विवेचना वरिष्ठ उप निरीक्षक शिशुपाल राणा के सुपुर्द की गई.
आरोपी शहबाज को पुलिस द्वारा कोर्ट मे पेशकर न्यायिक अभिरक्षा मे भेजा गया. 24 सितंबर2025 को पुलिस ने आरोपी शहबाज को पुलिस कस्डटी रिमांड लिया गया .जिसमें आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल के पास से अपर्हता की चुन्नी बरामद की गई. 27 सितंबर 2025 को घटना मे शामिल आरोपी फैजान को पुलिस ने गिरफ्तार किया. साथ ही अन्य नाबालिग किशोर को पुलिस संरक्षण में भेजा गया. घटना मे प्रयुक्त मोटर साइकिल बरामद की गई. लड़की की लाश बरामद करने के लिए कई दिनों तक शक्ति नहर और आसपास के क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया गया. आसपास के थानों और जिलों की पुलिस को भी इसमें लगाया गया.
पुलिस जांच के दौरान 16 अक्टूबर 2025 को थाना मिर्जापुर जिला सहारनपुर यूपी से पुलिस को सूचना मिली की हथनीकुंड बैराज सहारनपुर में एक अज्ञात शव मिला है. जिसका सिर नहीं है. यह शव संभवतः किसी लड़की का हो सकता है. सूचना पर विकासनगर पुलिस तत्काल गुमशुदा युवती के परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने शव की शिनाख्त की कोशिश की. शव काफी पुराना व कंकाल के रूप में था. जिसके कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई. जिस पर पुलिस ने अज्ञात शव व गुमशुदा युवती के माता पिता का डीएनए सैंपल लेकर विज्ञान प्रयोगशाला भेजा. विवेचना के दौरान प्राप्त इलेक्ट्रॉनिक विज्ञान व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध अन्य साक्ष्य संकलन की कार्यवाही जारी रखते हुए आरोप पत्र कोर्ट में प्रेषित किया. 12 मई 2026 को विधि विज्ञान प्रयोगशाला से उक्त कंकाल का डीएनए मृतिका के माता पिता से मैच हो गया. जिसके आधार पर अब कोर्ट के समक्ष और अधिक ठोस पैरवी की जाएगी.