मसूरी मॉल रोड पर अनियंत्रित गोल्फ कार्ट दुकान में घुसने से मचा हड़कंप, एक बच्ची घायल

पर्यटन नगरी मसूरी के मॉल रोड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक अनियंत्रित गोल्फ कार्ट अचानक एक ऑप्टिकल की दुकान में जा घुसी. हादसे के दौरान दुकान के बाहर खड़े लोग बाल-बाल बच गए, जबकि एक बच्ची को हल्की चोटें आई हैं. घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक हड़कंप का माहौल बना रहा.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोल्फ कार्ट अचानक अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में सीधे दुकान की ओर बढ़ गई. इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, गोल्फ कार्ट दुकान के बाहर बने हिस्से से टकराते हुए अंदर जा घुसी. हादसे के समय वहां काफी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग मौजूद थे. घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस और नगर पालिका प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने गोल्फ कार्ट चालक और संचालन व्यवस्था को लेकर जानकारी जुटानी शुरू कर दी है.

ऑप्टिकल दुकान के मालिक अनीष अग्रवाल ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि मॉल रोड पर गोल्फ कार्ट का संचालन पूरी तरह अव्यवस्थित हो चुका है. उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पालिका प्रशासन की लापरवाही के कारण बिना नियम-कानून के गोल्फ कार्ट संचालित की जा रही हैं. उन्होंने कहा कि गोल्फ कार्ट में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाई जा रही हैं और कई बार अनुभवहीन चालक भी इन्हें चला रहे हैं.

जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. उनका कहना था कि मॉल रोड जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में स्पीड ड्राइविंग बेहद खतरनाक साबित हो सकती है. स्थानीय व्यापारियों और लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि मॉल रोड पर गोल्फ कार्ट संचालन को तत्काल बंद किया जाए. लोगों का कहना है कि यदि संचालन जारी रखना है तो इसके लिए स्पष्ट नियम बनाए जाएं और उनका सख्ती से पालन कराया जाए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *