भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का उत्तराखंड दौरा अब दो दिन के बजाय तीन दिन का होगा। वह 28 मई की दोपहर में देहरादून पहुंचेंगे और 30 मई की रात्रि तक राजधानी में रहेंगे। इस दौरान उनका पूरा फोकस आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों, संगठन की सक्रियता और जमीनी फीडबैक हासिल करने पर रहेगा।
पार्टी सूत्रों के अनुसार नितिन नवीन प्रदेश भाजपा पदाधिकारियों, जिला प्रभारियों, मोर्चा अध्यक्षों, सांसदों, विधायकों और संगठन से जुड़े वरिष्ठ नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। इन बैठकों में बूथ तक संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और चुनावी तैयारियों की वास्तविक स्थिति की समीक्षा की जाएगी।
बताया जा रहा है कि नितिन नवीन खास तौर पर उन विधानसभा सीटों का फीडबैक लेंगे जहां पिछले चुनाव में जीत-हार का अंतर बेहद कम रहा था। ऐसे क्षेत्रों में संगठन की मजबूती, स्थानीय असंतोष, जातीय और क्षेत्रीय समीकरण, विपक्ष की सक्रियता और संभावित चुनावी चुनौतियों का आकलन किया जाएगा।
इसके अलावा बूथ समितियों के गठन, पन्ना प्रमुखों की सक्रियता, सोशल मीडिया नेटवर्क, युवा और महिला मोर्चा की भागीदारी तथा नए मतदाताओं तक पहुंच बनाने की रणनीति पर भी चर्चा होगी। वह यह जानने की कोशिश करेंगे कि सरकार की योजनाएं जमीनी स्तर तक कितनी प्रभावी ढंग से पहुंच रही हैं और किन मुद्दों पर जनता की प्रतिक्रिया सकारात्मक या नकारात्मक है।
सूत्रों के अनुसार नितिन नवीन कार्यकर्ताओं से यह फीडबैक भी लेंगे कि स्थानीय स्तर पर किन मुद्दों को लेकर जनता में चर्चा है। साथ ही यह भी परखा जाएगा कि संगठन और सरकार के बीच समन्वय किस स्तर पर है।
आगामी चुनावों को देखते हुए किन क्षेत्रों में अतिरिक्त राजनीतिक और संगठनात्मक मेहनत की जरूरत है। दौरे के दौरान सदस्यता अभियान, बूथ सत्यापन, लाभार्थी संपर्क अभियान और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा होगी।
पार्टी नेतृत्व चाहता है कि चुनाव से काफी पहले हर विधानसभा क्षेत्र का सूक्ष्म आकलन तैयार हो जाए, ताकि रणनीति उसी आधार पर बनाई जा सके।
भाजपा संगठन नितिन नवीन के इस तीन दिवसीय प्रवास को आगामी चुनावों की दृष्टि से बेहद अहम मान रहा है। माना जा रहा है कि इस दौरे के बाद संगठनात्मक स्तर पर कई नई जिम्मेदारियां और चुनावी लक्ष्य भी तय किए जा सकते हैं।