गैरसैंण विकासखंड क्षेत्र के देवपुरी गांव से पिछले 6 दिनों से लापता व्यक्ति का शव घर से महज तीन सौ मीटर की दूरी पर खनसर नदी में तैरता मिला. शव के एक हाथ व दोनों पैर साथ बंधे होने के साथ ही सिर व आंख गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त होने से मामले में ग्रामीणों द्वारा हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है. जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
गौरतलब है कि शव मिलने वाले स्थान पर पिछले 6 दिनों में ग्रामीणों द्वारा कई बार खोजबीन की गई थी. अब उसी इलाके में शव मिलने से लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं. मौके से मृतक का मोबाईल, चप्पल व एक पानी की बोतल भी बरामद हुई है. ग्रामीणों द्वारा सर्च किए गए स्थान पर शव मिलने को लेकर तरह-तरह की सवाल उठ रहे हैं. गैरसैंण कोतवाल मनोज सिरौला ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले से फॉरेंसिक टीम व फील्ड यूनिट को भी बुलाने की मांग की, वहीं जरुरत पड़ने पर डॉग स्क्वाड की टीम की मदद भी लेने बात कही है.
उल्लेखनीय है कि देवपुरी गांव के चिनुड़ीछानी तोक निवासी 40 वर्षीय राजेंद्र सिंह पुत्र पुष्कर सिंह पिछले 18 मई की सुबह घर से काम पर जाने के बाद से ही लापता था. शुरुआती ढूंढ खोज के बाद परिजनों द्वारा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई,तब अनहोनी की आशंका को लेकर पुलिस विभाग की डॉग स्क्वायड टीम द्वारा दो दिनों तक ग्रामीणों की मदद से पूरे क्षेत्र में सघन सर्च अभियान चलाया गया था.
लेकिन तब लापता व्यक्ति का कोई भी सुराग नहीं लग पाया था. वहीं ग्रामीणों को जब लापता राजेंद्र सिंह का शव घर से महज तीन सौ मीटर की दूरी पर खनसर नदी में तैरता हुआ मिला तो पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया. जिसकी सूचना पुलिस को दी गई, इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव समेत अन्य सामग्री कब्जे में ले ली.