बीती देर रात लक्सर-पुरकाजी रोड पर एक दिल दहला देने वाला भीषण सड़क हादसा हो गया. भैंसली वाला गांव के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और मिट्टी से भरे डंपर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.
मुजफ्फरनगर जिले के रहने वाले एक परिवार के सात लोग स्कॉर्पियो में सवार होकर लक्सर की श्रीराम कॉलोनी में अपने एक रिश्तेदार के घर जन्मदिन समारोह में शामिल होने आए थे. समारोह खत्म होने के बाद देर रात सभी लोग वापस मुजफ्फरनगर लौट रहे थे. जैसे ही उनकी गाड़ी लक्सर-पुरकाजी रोड पर भैंसली वाला गांव के पास पहुंची, सामने से तेज गति से आ रहे डंपर ने उनकी स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी.
हादसे की सूचना मिलते ही पुरकाजी और लक्सर पुलिस मौके पर पहुंची. मुजफ्फरनगर के एसएसपी संजय वर्मा के अनुसार, स्कॉर्पियो में कुल सात लोग सवार थे. इस भीषण हादसे में 50 वर्षीय आदेश, उनकी दो बहनें 35 वर्षीय निशा और 37 वर्षीय राखी व आदेश की 12 वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई.