‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम धामी, 9 आंगनबाड़ी और 2 आशा वर्करों को किया सम्मानित – Doon Ujala

‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम धामी, 9 आंगनबाड़ी और 2 आशा वर्करों को किया सम्मानित

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने खटीमा के गौसीकुवां भूड़ाई में आयोजित ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम में शिरकत की. जहां जनजातीय समाज की युवतियों ने जेसीबी पर चढ़कर पुष्पवर्षा कर उनका जोरदार स्वागत किया. जबकि, महिलाओं ने भी पारंपरिक उत्साह के साथ सीएम धामी का अभिनंदन किया. वहीं, सीएम धामी ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, नौनिहालों का अन्नप्राशन और धात्री महिलाओं को पोषक सामग्री वितरित किए. साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में पौधरोपण भी किया.

बता दें कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को खटीमा के गौसीकुवां भूड़ाई में मातृशक्ति और नौनिहालों के बीच पहुंचे. जहां आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर नन्हे-मुन्ने बच्चों को दुलार किया. साथ ही उनसे बातचीत भी की. उन्होंने बच्चों को अपने हाथों से भोजन भी परोसा और उनके साथ बैठकर समय बिताया.

इस दौरान सीएम धामी ने गोद भराई रस्म में प्रतिभाग कर गर्भवती महिलाओं को आशीर्वाद दिया. साथ ही 10 गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार सामग्री की किट वितरित की. उन्होंने 10 लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट भी दिए. इसके अलावा उन्होंने 5 छोटे बच्चों का अपने हाथों से अन्नप्राशन संस्कार कराया. इस अवसर पर उन्होंने 9 आंगनबाड़ी और 2 आशा वर्करों को सम्मानित भी किया.

सीएम धामी ने आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से मातृ एवं शिशु पोषण से जुड़ी गतिविधियों में सहभागिता की. कार्यक्रम के दौरान स्थानीय महिलाओं और जनजातीय समाज के लोगों में उत्साह देखने को मिला. सीएम धामी ने सरकार की ओर से आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से प्रदेश में गर्भवती महिलाओं, नौनिहालों, धात्री महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी.

वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री नानकमता साहिब में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की अरदास की. जिसके बाद मुख्यमंत्री खुद हाथ में झाड़ू लेकर स्वच्छता अभियान में जुट गए. गुरुद्वारा परिसर में स्वच्छता अभियान के दौरान सीएम धामी ने श्रमदान कर साफ-सफाई की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *