ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, विदेश से चला रहे थे नेटवर्क – Doon Ujala

ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, विदेश से चला रहे थे नेटवर्क

उत्तराखंड में ऑनलाइन ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले नेटवर्क के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ी कार्रवाई की है. एसटीएफ ने मामले में दो आरोपियों नवीन सिंह नेगी और कविता परमार को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि तमाम कंपनियों में लोगों को अधिक मुनाफे और विदेश यात्राओं का लालच देकर निवेश कराया जा रहा था. एसटीएफ की जांच में विदेश में बैठे मुख्य आरोपी लविश चौधरी का नाम सामने आया है. आरोप है कि वह इन कंपनियों के माध्यम से ठगी का नेटवर्क संचालित कर रहा था.

प्रदेश के विभिन्न जिलों में दर्ज मुकदमे: मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने मामले की जांच के लिए एसटीएफ के अधीन विशेष अन्वेषण दल (SIT) का गठन किया था. आईजी नीलेश आनंद भरणे और एसएसपी एसटीएफ के निर्देशन में प्रदेश के विभिन्न जिलों में दर्ज मुकदमों की एकीकृत जांच की जा रही है.

जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी नवीन सिंह नेगी साल 2022 से एक कंपनी से जुड़ा था. बाद में वह लविश चौधरी द्वारा संचालित कंपनियों के माध्यम से लोगों को निवेश के लिए प्रेरित करने लगा. जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित कंपनियां आरबीआई और सेबी में पंजीकृत नहीं थीं. एसटीएफ के मुताबिक, कंपनी बंद होने और उसके खिलाफ विभिन्न मुकदमे दर्ज होने के बावजूद नवीन ने एक नई कंपनी का प्रचार शुरू कर दिया था. वह जूम मीटिंग के जरिए लोगों को दोबारा ऑनलाइन बिजनेस से जोड़ने का प्रयास कर रहा था. इसके बाद साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया.

गिरफ्तार दूसरी आरोपी कविता परमार साल 2022 से कंपनी से जुड़ी थी. पूछताछ में सामने आया कि उसने खुद और अपने परिजनों की आईडी बनाकर निवेश किया था. साथ ही रेफरल आईडी के जरिए बड़ी संख्या में लोगों को नेटवर्क से जोड़ा. एसटीएफ के अनुसार, उसकी रोबो आईडी में करीब 10 से 15 हजार लोग जुड़े हुए थे और वह कंपनी में सीनियर ईगल एग्जीक्यूटिव के पद तक पहुंच गई थी. आरोप है कि कविता को कंपनी से हर महीने करीब 1,000 डॉलर का लाभ मिलता था. वह साल 2023 से 2026 के बीच कंपनी के सेमिनार में शामिल होने के लिए मलेशिया, थाईलैंड, दुबई और वियतनाम की करीब 12 से 13 बार यात्रा कर चुकी थी. इन यात्राओं का आने-जाने, रहने और खाने का खर्च कंपनी उठाती थी.

एसटीएफ की जांच में पता चला कि कविता देहरादून समेत उत्तराखंड के अलग-अलग क्षेत्रों में कंपनी का प्रचार करती थी. जूम मीटिंग और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से लोगों को निवेश के लिए प्रेरित किया जाता था. ऑनलाइन बैठकों में एक समय पर करीब एक हजार लोग जुड़ते थे. पूछताछ में यह भी जानकारी मिली कि निवेशकों की ओर से कंपनी के बैंक खातों में जमा कराई गई रकम के बदले उनके ऑनलाइन खातों में डॉलर के रूप में केवल आंकड़े प्रदर्शित किए जाते थे. आरोपी के अनुसार, ये आंकड़े वास्तविक धनराशि नहीं होते थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *