उत्तराखंड: आज सोमवती अमावस्या है और सोमवती अमावस्या के स्नान पर्व पर धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. हरकी पैड़ी समेत शहर के विभिन्न गंगा घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही. श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पूजा अर्चना की और सुख समृद्धि की कामना की. स्नान पर्व को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए. पूरे मेला क्षेत्र को 14 जोन और 44 सेक्टर में बांटा गया. पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. हर की पैड़ी पर खासकर सुबह होने वाली गंगा आरती के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दिखाई दी.
सोमवती अमावस्या के चलते देश के अलग अलग राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे. सुबह तड़के से ही हरकी पैड़ी पर स्नान के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था. सूर्योदय के साथ घाटों पर भीड़ और बढ़ती चली गई. श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद घाटों पर पूजा अर्चना और दान पुण्य किया. कई श्रद्धालुओं ने अपने पितरों की शांति के लिए गंगा तट पर धार्मिक अनुष्ठान भी किए. धार्मिक मान्यता के अनुसार सोमवती अमावस्या पर गंगा स्नान, दान पुण्य और पितृ पूजन का विशेष महत्व माना जाता है.
इसी आस्था के चलते श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचकर गंगा में स्नान कर रहे हैं. हरकी पैड़ी के अलावा आसपास के अन्य घाटों पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही. ज्योतिषाचार्य पंडित मनोज त्रिपाठी ने बताया कि सोमवार और मंगलवार को पढ़ने वाली अमावस्या पर किया गया दन अक्षय हो जाता है. आज के दिन गंगा स्नान और पिंडदान करने से पितरों को स्वर्ग की प्राप्ति होती है. उदया तिथि में सोमवती का स्नान पर्व पड़ने पर विशेष संयोग माना जाता है, इस संयोग के लिए तो भीष्म पितामह ने भी अपने प्राण नहीं त्यागे थे.
इसलिए आज के दिन गंगा या अन्य पवित्र नदियों में स्नान करने से अश्वमेध यज्ञ के बराबर पुण्यफल की प्राप्ति होती है. श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की गई. पूरे मेला क्षेत्र को 02 सुपर जोन, 14 जोन और 44 सेक्टरों में बांटकर पुलिस बल तैनात किया गया. हरकी पैड़ी और प्रमुख स्नान घाटों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है. भीड़ बढ़ने की स्थिति में श्रद्धालुओं को दूसरे घाटों की ओर भेजने की व्यवस्था भी की गई.
हालांकि सोमवती अमावस्या के स्नान पर हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है, लेकिन हरकी पैड़ी पर गंगाजल की मात्रा कम रही. क्योंकि इस समय कुंभ मेले के कार्य चल रहे हैं. हरकी पैड़ी क्षेत्र में अस्थाई पुलों का निर्माण कराया जा रहा है, यही कारण है कि गंगाजल की मात्रा पहले की तरह नहीं छोड़ी जा रही है. लेकिन सबकी लगाने लायक गंगाजल पहुंच रहा है.