दीपावली पर दून अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचे 630 मरीज, पटाखों से झुलसे 40 लोग, 11 रोड एक्सीडेंट – Doon Ujala

दीपावली पर दून अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचे 630 मरीज, पटाखों से झुलसे 40 लोग, 11 रोड एक्सीडेंट

दीपावली के दौरान आतिशबाजी और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए दून मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं अलर्ट मोड पर रहीं. त्योहार के दौरान पिछले 24 घंटों में अस्पताल की इमरजेंसी में करीब 630 मरीज पहुंचे. इनमें से 90 मामले दीपावली से संबंधित थे. दून अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक (एमएस) डॉ. आरएस बिष्ट ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि दीपावली के दौरान पटाखों से झुलसने के 40 मामले सामने आए. राहत की बात यह रही कि इनमें किसी भी मरीज की स्थिति गंभीर नहीं थी. सभी को प्राथमिक उपचार देने के बाद घर भेज दिया गया.

दून अस्पताल के एमएस डॉ. आरएस बिष्ट के मुताबिक, दीपावली के दौरान आतिशबाजी से जुड़े मामलों में सबसे अधिक मरीज झुलसने के कारण अस्पताल पहुंचे. कुल 40 लोग पटाखों की चपेट में आकर घायल हुए. इनमें 38 मरीजों के हाथ झुलसे थे, जबकि दो लोगों के चेहरे पर पटाखों की चिंगारी या लपटों की चपेट में आने से चोट आई.

दीपावली पर पटाखों से होने वाले हादसों में अलग-अलग आयु वर्ग के लोग घायल हुए. डॉ. बिष्ट के अनुसार, पांच साल से कम उम्र के करीब पांच बच्चे भी झुलसने के बाद अस्पताल पहुंचे. वहीं, 12 साल से कम उम्र के बच्चों की संख्या भी लगभग इतनी ही रही. इसके अलावा किशोर, युवा और वयस्क भी आतिशबाजी के दौरान घायल हुए. इससे साफ है कि पटाखों से होने वाले हादसों का खतरा केवल बच्चों तक सीमित नहीं है, बल्कि बड़े भी इसकी चपेट में आ रहे हैं. वहीं, 40 बर्न इंजरी के मामलों में 28 पुरुष और 12 महिलाएं शामिल थीं.

दीपावली के दौरान दून अस्पताल की इमरजेंसी में पटाखों से झुलसने के अलावा सड़क दुर्घटनाओं के मामले भी सामने आए. पिछले 24 घंटों में करीब 11 लोग सड़क हादसों में घायल होने के बाद अस्पताल पहुंचे. त्योहार के दौरान सड़कों पर बढ़ने वाला यातायात और वाहनों की आवाजाही के बीच सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहा. हालांकि, इन हादसों में घायल किसी भी मरीज की स्थिति गंभीर नहीं बताई गई. सभी को समय पर उपचार उपलब्ध कराया गया.

दून अस्पताल के एमएस डॉ. आरएस बिष्ट ने बताया कि पिछले 24 घंटों में इमरजेंसी में करीब 630 मरीजों का पंजीकरण हुआ. इनमें सामान्य बीमारियों और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से जुड़े मरीज भी शामिल थे. वहीं, 90 मामले सीधे तौर पर दीपावली के दौरान हुई घटनाओं से संबंधित रहे. इनमें पटाखों से झुलसने वाले 40 मरीज और सड़क दुर्घटनाओं के 11 मामले प्रमुख रहे.

अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, त्योहार के दौरान डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मचारियों की टीम पूरी तरह मुस्तैद रही. समय पर उपचार मिलने से किसी भी मरीज की स्थिति गंभीर नहीं हुई. कुल मिलाकर दीपावली के दौरान दून अस्पताल में मरीजों की संख्या अधिक रही, लेकिन किसी बड़ी अनहोनी या गंभीर हादसे का मामला सामने नहीं आया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *