नैनीताल जिले के रामनगर-काशीपुर नेशनल हाईवे-309 पर बसई गांव के पास एक कार और छोटा हाथी वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में कार सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथी घायल हो गए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा. मृतक युवक मलकीत सिंह दिल्ली का रहने वाला था.
जैसे ही हादसे की खबर दिल्ली में मृतक के परिजनों को दी गई, वो तुरंत रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचे. परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों का कहना है कि उनको यकीन नहीं हो रहा कि मलकीत अब हमारे बीच नहीं है. उनका कहना है कि मलकीत हमेशा बहुत सतर्कता से गाड़ी चलाता था. यह हादसा कैसे हुआ, समझ नहीं आ रहा. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या किसी अन्य वजह से.
रामनगर-काशीपुर हाईवे उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाला एक अहम मार्ग है. लेकिन इसकी सिंगल लेन अब लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रही है. स्थानीय लोग और सामाजिक संगठनों ने कई बार प्रशासन से इस सड़क को चौड़ा करने की मांग की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है.