उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ईद के दिन बड़ा फैसला लिया. धामी सरकार ने प्रदेश के 17 जगहों के नाम बदल दिए हैं. देहरादून के टपकेश्वर महादेव मंदिर के आचार्य ने इस फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए सराहना की है.
उत्तराखंड की धामी सरकार ने ईद के दिन सोमवार को राज्य के चार जिलों के 17 स्थानों के नाम बदल दिए थे. इनमें हरिद्वार जिले के 10 स्थानों के नाम बदलकर नए नाम रखे गए हैं. देहरादून जिले के चार स्थानों के नाम बदलकर नए नाम प्रस्तावित किए गए हैं. नैनीताल जिले में दो स्थानों के नाम बदले गए हैं. उधम सिंह नगर जिले में एक स्थान का नाम बदला गया है.
हरिद्वार जिले में भगवानपुर ब्लॉक के औरंगजेबपुर का नया नाम अब शिवाजी नगर होगा. बहादराबाद ब्लॉक के गाजीवाली का नाम अब आर्य नगर और चांदपुर का नाम ज्योतिबा फुले नगर होगा. नारसन ब्लॉक के मोहम्मदपुर जट का नया नाम मोहनपुर जट और खानपुर कुर्सली का नाम बदलकर अंबेडकर नगर रखा गया है. खानपुर ब्लॉक के इदरीशपुर का नाम नंदपुर और खानपुर का नाम श्रीकृष्णपुर रखा गया है.
इसी तरह रुड़की ब्लॉक के अकबरपुर फाजलपुर का नया नाम विजयनगर किया गया है. रुड़की नगर निगम के अंतर्गत आने वाले आसफनगर का नाम देवनारायण नगर और सलेमपुर राजपूताना का नाम शूरसेन नगर रखा गया है. देहरादून जिले चार स्थानों के नाम बदले गए हैं. इनमें देहरादून नगर निगम क्षेत्र में आने वाले मियांवाला का नाम रामजीवाला रखा गया है. विकासनगर ब्लॉक के पीरवाला का नाम केसरी नगर और चांदपुर खुर्द का नाम पृथ्वीराज नगर तथा सहसपुर ब्लॉक के अब्दुलपुर का नाम दक्षनगर रखा गया है.