अतिक्रमण हटाने गई टीम के सामने युवक ने खुद पर छिड़का पेट्रोल, आत्मदाह की कोशिश, मचा हड़कंप

उत्तराखंड के रामनगर तहसील के ग्राम ढिकुली में शुक्रवार को एक तनावपूर्ण और चौंकाने वाली घटना सामने आई. यहां प्रशासन की टीम जब बरसाती नाले पर बने अवैध अतिक्रमण को हटाने पहुंची, तो एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया. इस सनसनीखेज़ घटनाक्रम के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. टीम को तुरंत कार्रवाई रोकनी पड़ी.

यह घटना रामनगर के ढिकुली गांव की है, जहां लंबे समय से एक व्यक्ति द्वारा बरसाती नाले पर अवैध निर्माण कर लिया गया था, इस मामले में एसडीएम कोर्ट में सुनवाई चल रही थी. हाल ही में अदालत ने इस अतिक्रमण को हटाने के आदेश जारी किए. आदेश के अनुपालन में सिंचाई विभाग को जिम्मेदारी सौंपी गई. जिसके बाद एक संयुक्त टीम गठित की गई. टीम गुरुवार को पहली बार अतिक्रमण हटाने पहुंची, लेकिन स्थानीय विरोध और सुरक्षा बल की कमी के कारण कार्रवाई अधूरी रह गई. शुक्रवार को टीम दोबारा मौके पर पहुंची.

इस बार पुलिस बल भी साथ था. सिंचाई विभाग के अधिकारी नापजोख की कार्रवाई कर रहे थे, तभी घटनास्थल पर पहुंचे एक युवक ने अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया. उसने आग लगाने की कोशिश की. इससे मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. पुलिस तुरंत सक्रिय हुई. मौके पर तैनात उप निरीक्षक तारा राणा ने अपने सहयोगियों के साथ युवक को पकड़कर आग लगाने से रोका. उसके शरीर पर पानी डाला गया. उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया. उप निरीक्षक तारा राणा ने बताया मौके पर अचानक युवक ने पेट्रोल डाल लिया. तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को बचा लिया गया.इस घटना के बाद प्रशासन की टीम ने तत्काल नापजोख की कार्रवाई रोक दी. युवक को कोतवाली ले जाया गया है. जहां उससे पूछताछ जारी है.

सहायक अभियंता सिंचाई विभाग जगत नारायण सिंह रावत ने बताया हमने आज सिर्फ नापजोख की कार्रवाई की थी. पुलिस बल कम था, इसलिए विध्वंस की प्रक्रिया नहीं हो सकी. शनिवार को फिर से पूरी तैयारी के साथ अतिक्रमण हटाया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *