दिनदहाड़े घर में घुसा बदमाश, महिला पर चाकू से किया हमला, रुपए लेकर हुआ फरार

पीरूमदारा क्षेत्र अब अपराध का केंद्र बनता जा रहा है. आए दिन अपराध की घटनाएं सामने आ रही है. इसी कड़ी में हफ्ते भर के भीतर दूसरी बार नकाबपोश बदमाश ने एक घर में घुसकर महिला पर चाकू से हमला कर दिया. जिससे महिला जख्मी हो गई. बताया जा रहा है कि बदमाश घर से कुछ कैश भी ले गया. इस घटना के बाद क्षेत्र में जहां दहशत का माहौल है तो वहीं सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.

जानकारी के मुताबिक, यह मामला रामनगर के पीरूमदारा क्षेत्र के उदयपुरी चोपड़ा का है. जहां दिनदहाड़े नकाबपोश बदमाश ने घर में घुसकर महावती देवी नाम की महिला पर चाकुओं से हमला कर दिया. पीड़ित महिला महावती देवी उस समय घर पर अकेली थीं. उसका पति ड्यूटी पर गया था. जबकि, सास-ससुर बगीचे में मजदूरी करने गए थे और ननद कॉलेज गई हुई थीं.

वहीं, महावती के पति हरि प्रकाश ने बताया कि जब अन्य लोग घर पहुंचे तो उसकी पत्नी अचेत अवस्था में जमीन पर पड़ी गुई थी. परिजनों ने जब उसे होश में लाया तो उसने पूरी घटना सुनाई, जिससे सबके होश उड़ गए. इसके बाद तत्काल रामनगर पुलिस को सूचना दी गई. वहीं, रामनगर पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गई है.

यह कोई पहली घटना नहीं है. हफ्ते भर पहले भी इसी क्षेत्र की शशि नेगी नाम की महिला पर इवनिंग वॉक के दौरान एक बाइक सवार नकाबपोश युवक ने हमला कर चेन लूटने का प्रयास किया था और तमंचा भी तान दिया था. उस मामले में अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.

लगातार दो हमलों के बाद अब स्थानीय लोग डरे हुए हैं. महिलाओं में खासकर असुरक्षा का माहौल है और चौकी पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल कर रहे हैं. स्थानीय लोगों ने रात्रि गश्त को बढ़ाने, सीसीटीवी कैमरे लगाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस पेट्रोलिंग को नियमित करने की मांग की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *