मसूरी नगर पालिका की बोर्ड बैठक हुई. बोर्ड बैठक में 37 प्रस्ताव रखे गए, जिसमें से 35 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास हुए. इनमें विकास कार्यों से जुड़े कुछ प्रस्ताव तो ऐसे थे, जो लंबे समय से अटके हुए थे. इसके अलावा मसूरी नगर पालिका की बोर्ड बैठक का एक प्रस्ताव सबसे ज्यादा चर्चाओं में रहा है, वो है मसूरी के प्रसिद्ध हुसैनगंज क्षेत्र का नाम बदलकर कृष्णा नगर रखने का प्रस्ताव, जिसे मसूरी नगर पालिका की बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से पास किया गया है.
बैठक में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने से लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं में विस्तार, पार्कों के सौंदर्यीकरण, रोजगार सृजन और सुरक्षा व्यवस्था जैसे कई मुद्दों पर अहम निर्णय लिए गए. वहीं माल रोड पर लगने वाले रोजाना के जाम से निजात दिलाने के लिए बोर्ड ने दोनों बैरियरों को फास्ट-ट्रैक और स्कैनिंग मशीनों से लैस करने पर सहमति जताई.
मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने बताया कि इससे न सिर्फ जाम की समस्या कम होगी, बल्कि पालिका के राजस्व में भी बढ़ोत्तरी होगी. माल रोड पर पहले लगाए गए उखड़ते कॉबलस्टोन को हटाने का भी प्रस्ताव पास किया गया.
वहीं दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए लोक निर्माण विभाग को पहले ही पत्र भेजा जा चुका है. लंबे समय से चल रही मांग के बाद मसूरी के प्रसिद्ध हुसैनगंज क्षेत्र का नाम बदलकर कृष्णा नगर रखने का प्रस्ताव भी सर्व सहमति से पारित हो गया.
वहीं बैठक में सबसे ज्यादा बहस सनातन धर्म इंटर कॉलेज में किए गए छत निर्माण को लेकर हुई. सभासद सचिन गुहेर ने आपत्ति जताते हुए कहा कि निजी संपत्ति पर पालिका द्वारा निर्माण कराया जाना भविष्य में विवाद की स्थिति उत्पन्न कर सकता है. इस पर अध्यक्ष मीरा सकलानी ने स्पष्ट किया कि भवन की जर्जर हालत के चलते कक्षाओं में पढ़ाई प्रभावित हो रही थी. उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह जनहित का कार्य था और पालिका को ऐसी स्थिति में हस्तक्षेप करना ही पड़ता है.
मॉसी फॉल क्षेत्र में बनेगा भव्य रजत जयंती पार्क: पालिकाध्यक्ष ने बताया कि मॉसी-मसूरी मार्ग पर स्थित मॉसी फॉल को नए स्वरूप में विकसित किया जाएगा. इसके लिए सुरक्षा दीवार, शौचालय, सीसी मार्ग के निर्माण को स्वीकृति दी गई है. नए पार्क का नाम भूमि रजत जयंती पार्क रखा जाएगा.
मसूरी में दो नई डिस्पेंसरी: शासन द्वारा मसूरी नगर क्षेत्र में दो नई डिस्पेंसरी संचालित किए जाने का निर्णय हुआ है. बार्लोगंज स्थित पालिका की डिस्पेंसरी को शासन को सौंपा जाएगा. वार्ड नंबर 9 के सामुदायिक भवन में दूसरी डिस्पेंसरी स्थापित की जाएगी. अध्यक्ष ने कहा कि ये सुविधाएं आम लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को आसान बनाएंगी.
रोपवे ट्रॉली का ठेका 11 महीने बढ़ा, झूलाघर से हटेगा ज्वाइंट व्हील: मसूरी रोपवे ट्रॉली के संचालन का ठेका 11 महीने के लिए बढ़ाने का निर्णय लेते हुए बोर्ड ने झूलाघर पर लगे ज्वाइंट व्हील को हटाने की अनुमति भी दे दी.
टाउन हॉल को मिलेगा नया रूप, वाहनों पर हर माह 6000 शुल्क तय: टाउन हॉल के कायाकल्प के लिए कई प्रस्ताव पास किए गए. साउंड सिस्टम से लेकर सभी मूलभूत सुविधाओं के उन्नयन तक के कार्य प्राथमिकता में होंगे. टाउन हॉल में स्थानीय लोगों की वाहनों की पार्किंग के लिए ₹6 हजार प्रति माह शुल्क तय किया गया है.
रोजगार के लिए नई दुकानें बनेंगी: गरीब और बेरोजगार लोगों को स्वरोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शहर में छोटी-छोटी दुकानों के निर्माण का प्रस्ताव भी पास किया गया. यह दुकानें विभिन्न स्थलों पर विकसित की जाएंगी.
पालिका भूमि पर चल रहे पेट्रोल पंपों का किराया बढ़ेगा: पालिका की भूमि पर चल रहे दो पेट्रोल पंपों का किराया अब बाजार दर पर निर्धारित किया जाएगा, ताकि राजस्व में बढ़ोत्तरी हो सके.
सैनिक विश्राम गृह के लिए ढाई बीघा भूमि हस्तांतरित: मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार ढाई बीघा जमीन निशुल्क सैनिक कल्याण विभाग को हस्तांतरित की गई है. हालांकि इस पर सभासद सचिन गुहेर ने विरोध दर्ज किया और कहा कि भूमि को मुफ्त देने के बजाय पालिका को इसका उचित लाभ मिलना चाहिए.
डॉग शेल्टर और पालतू पशुओं की होगी अनिवार्य रजिस्ट्रेशन: नगर क्षेत्र में आवारा पशुओं, विशेषकर कुत्तों की बढ़ती संख्या को देखते हुए फ्री डॉग शेल्टर बनाने, कुत्ते पालने वालों के लिए अनिवार्य रजिस्ट्रेशन का प्रस्ताव पास किया गया. नियम और संरचना तय करने के लिए समिति बनाई जाएगी.
सभी शौचालय एक ही कंपनी को दिए जाएंगे: मसूरी नगर क्षेत्र के शौचालय ठेकों को निरस्त कर अब इन्हें एक ही कंपनी को देने की तैयारी है, जिससे सेवा स्तर में सुधार आएगा.
गड़ीखाने की बदहाल स्थिति पर उठे सवाल: सभासद सचिन गुहेर ने गड़ीखाने क्षेत्र में जल निगम द्वारा खर्च किए गए ढाई करोड़ रुपये के कार्यों पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि धरातल पर कोई कार्य दिखाई नहीं देता. क्षेत्र में कबाड़ कारोबारियों द्वारा अतिक्रमण और गंदगी की स्थिति पर चिंता जाहिर करते हुए उन्होंने श्वेत पत्र जारी करने की मांग की.
पूरे शहर में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे: पालिका की बोर्ड बैठक में सभी वार्डों में सुरक्षा बढ़ाने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी मिली. पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि मसूरी के समग्र विकास को लेकर हम लगातार प्रयासरत हैं. बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णय आने वाले समय में शहर का चेहरा बदलेंगे. हमारा लक्ष्य पर्यटन, स्वास्थ्य, ट्रैफिक और स्वच्छता चारों मोर्चों पर मसूरी को बेहतर बनाना है.