रुड़की में सड़क हादसे में जीजा साले की मौत, अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

हरिद्वार जिले के रुड़की में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दो व्यक्ति की मौत हो गई. बताया गया है कि मृतकों में से एक यूपी पुलिस में होमगार्ड के पद पर तैनात था और दोनों आपस में जीजा साले थे. सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और टक्कर मारने वाले अज्ञान वाहन की तलाश में जुट गई है. बताया जा रहा है कि हादसा घना कोहरे के कारण हुआ है. घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है.

जानकारी के मुताबिक बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल से दो व्यक्ति नहर पटरी के रास्ते रुड़की की ओर जा रहे थे, जैसे ही वह मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम तांशीपुर पिकेट के पास एक कंपनी के पास पहुंचे तो इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी. बताया गया है कि टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की जानकारी पाकर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची, जिसके बाद पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल 108 की मदद से उपचार के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां अस्पताल के चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया.

मृतकों की पहचान 40 वर्षीय लाल सिंह निवासी बिजोपुरा और 35 वर्षीय अमरीश निवासी स्मृति थाना छपार जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि लाल सिंह उत्तर प्रदेश पुलिस में होमगार्ड के पद पर कार्यरत थे और दूसरा मृतक अमरीश रिश्ते में उसका साला था. उधर घटना के बाद से ही दोनों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *