पर्यटन नगरी मसूरी में चार दुकान रोड पर एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. वाहन में दो लोग सवार बताए जा रहे हैं, गनीमत रही रही कि वाहन में सवार दोनों लोग सुरक्षित हैं. वहीं मसूरी में पहले भी कई सड़क हादसे सामने आ चुके हैं, जिसमें कई लोगों की जान जा चुकी है. पहाड़ी सड़क होने के कारण यहां एक चूक जिंदगी पर भारी पड़ सकती है.
मसूरी कोतवाल देवेन्द्र चौहान ने बताया कि 112 के माध्यम से कोतवाली मसूरी को सूचना मिली कि चार दुकान रोड पर एक वाहन खाई में गिर गया है तथा उसमें आग लगने की आशंका जताई जा रही थी. सूचना मिलते ही पुलिस बल एवं चौकी लंढौर से अतिरिक्त पुलिस बल आपदा उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा कि वाहन संख्या यूके09 सीए 1086 (पिकअप) चार दुकान से आगे सड़क किनारे लगी रेलिंग तोड़ते हुए नीचे गिरा हुआ था. हालांकि, राहत की बात यह रही कि वाहन में किसी प्रकार की आग नहीं लगी थी.
पुलिस द्वारा की गई जांच में सामने आया कि पिकअप वाहन चार दुकान से मलिंगार की ओर जा रहा था. वाहन में चालक समेत कुल दो व्यक्ति सवार थे. मोड़ पर अचानक ब्रेक फेल होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और वाहन रेलिंग तोड़ते हुए सड़क से नीचे जा गिरा. हादसे के बावजूद दोनों व्यक्ति पूरी तरह सुरक्षित पाए गए और उन्हें किसी प्रकार की चोट नहीं आई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और आवश्यक कार्रवाई पूरी की. स्थानीय लोगों के अनुसार, चार दुकान रोड पर तेज मोड़ और तेज ढ़लान के कारण अक्सर वाहन चालकों को परेशानी होती है. ऐसे में प्रशासन से इस मार्ग पर अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग भी उठने लगी है. बता दें कि उत्तराखंड में आए दिन सड़क हादसों में लोग जान गंवा रहे हैं. पुलिस-प्रशासन के दावों के बाद भी सड़क हादसों पर लगाम नहीं लग पा रही है.