नगर निगम देहरादून की बोर्ड बैठक के दौरान शहर के विकास और जनहित से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में कुछ महत्वपूर्ण फैसले भी लिए गए, जिनमें किन्नर समुदाय द्वारा ली जाने वाली बधाई राशि की अधिकतम सीमा 5,100 रुपये तय करना शामिल है। इसके अलावा सफाई कर्मियों, जिन्हें पर्यावरण मित्र कहा जाता है, के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा भी की गई। हालांकि, सभी प्रस्तावों पर चर्चा पूरी नहीं हो सकी, जिसके चलते बैठक को गुरुवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
नगर निगम की यह चौथी बोर्ड बैठक काफी हंगामेदार रही। कुल 65 प्रस्ताव एजेंडे में शामिल थे, लेकिन बहस से ज्यादा विवाद और नोकझोंक देखने को मिली। भाजपा और कांग्रेस के पार्षद कई बार आमने-सामने आ गए, जिससे बैठक का माहौल तनावपूर्ण बना रहा और सभी प्रस्तावों पर चर्चा संभव नहीं हो पाई।