80वां स्वतंत्रता दिवस होगा खास, पूरे उत्तराखंड में होंगे भव्य आयोजन

80वें स्वतंत्रता दिवस को इस वर्ष प्रदेश में केवल औपचारिक समारोह तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे जनभागीदारी के व्यापक उत्सव के रूप में मनाया जाएगा।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सभी विभागों और जिलों को खेल प्रतियोगिताओं, रक्तदान शिविरों, वृक्षारोपण, साहसिक गतिविधियों और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रमुख शहरों में सेना, पुलिस, अर्द्धसैनिक बलों और एनसीसी बैंड के विशेष संगीतमय कार्यक्रम भी आयोजित करने को कहा है।

सचिवालय में बुधवार को स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि यह आयोजन पूरे प्रदेश में गरिमापूर्ण और भव्य तरीके से किया जाएगा।

उन्होंने राज्य एवं जिला स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के साथ ही रक्तदान शिविर, हाई एल्टीट्यूड साहसिक गतिविधियां, मैराथन, साइकिल, बाइक और कार रैली जैसे कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। जल संरक्षण, संवर्द्धन और बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान चलाने पर भी विशेष जोर दिया गया।

महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 15 अगस्त को सुबह 10 बजे देहरादून के परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण करेंगे।

मुख्य सचिव सचिवालय में सुबह नौ बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे, जबकि अन्य जनपदों में जिलाधिकारी सुबह साढ़े नौ बजे जिला मुख्यालयों पर ध्वजारोहण करेंगे। देहरादून में सभी सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों में सुबह नौ बजे ध्वजारोहण किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 14 अगस्त की शाम छह बजे से रात नौ बजे तक तथा 15 अगस्त को सुबह छह बजे से पूर्वाह्न 11 बजे तक प्रमुख चौराहों पर देशभक्ति गीत प्रसारित किए जाएंगे। 14 अगस्त को प्रदेश मुख्यालय में कवि सम्मेलन और मुशायरे का आयोजन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *