रेलवे स्टेशन के पास दो शव मिलने से हड़कंप, पुलिस ने जुटाए सबूत

उधम सिंह नगर के खटीमा रेलवे स्टेशन वार्ड नंबर 6 में दो शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिले. घटना की सूचना के बाद पूरे इलाके में दहशत फेल गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फील्ड यूनिट और एफएसएल टीम को बुलाया. एक ही स्थान पर दो शव मिलने से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. आखिर दोनों की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई? लोग ये सवाल पूछ रहे हैं. पुलिस के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा. फिलहाल पुलिस जांच जारी है.

खटीमा रेलवे स्टेशन वार्ड नंबर 6 के पास 9 अगस्त शनिवार देर रात दो लोगों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़े होने की सूचना से हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही बाजार चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जीवन चुफाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. वहां दो व्यक्ति चित अवस्था में पड़े मिले.

बाजार पुलिस चौकी इंचार्ज जीवन सिंह चुफाल ने बताया, एक व्यक्ति की पहचान राजेंद्र सिंह सामंत पुत्र पद्म सिंह सामंत निवासी वेस्ट व्यू होटल के सामने खटीमा के रूप में हुई. बताया गया कि राजेंद्र सिंह परचून की दुकान चलाता था. दूसरे व्यक्ति की पहचान विनोद पुत्र शोभन सिंह, उम्र करीब 47 वर्ष निवासी ग्राम नगला तहर थाना डिलारी जनपद मुरादाबाद के रूप में हुई.

दोनों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए जनपदीय फील्ड यूनिट और एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया है. टीमों द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत इकट्ठे किए गए हैं.

पुलिस ने घटना के कारणों का पता लगाने के लिए टीमों का गठन किया है. आसपास के लोगों और स्थानीय निवासियों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस ने घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद कही है. फिलहाल पुलिस टीम की जांच जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *