कनखल थाना क्षेत्र के बैरागी कैंप में देर रात तेज रफ्तार और बेकाबू कार ने सड़क पर जा रही तीन गायों को कुचल दिया. हादसे में तीनों गायों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद कार में सवार बताया जा रहा व्यक्ति वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, देर रात एक कार बैरागी कैंप क्षेत्र से गुजर रही थी. इसी दौरान सड़क पर मौजूद तीन गायें कार की चपेट में आ गईं. टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों गायों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई.
बताया जा रहा है कि जिस कार से हादसा हुआ, उससे जुड़े व्यक्ति की पहचान एक कथित समाजसेवी के रूप में बताई जा रही है. हालांकि, पुलिस की जांच में अभी यह स्पष्ट होना बाकी है कि हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था. बताया जा रहा है कि संबंधित व्यक्ति सोशल मीडिया पर लाइव वीडियो बनाकर नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों के खिलाफ अभियान चलाता है.
घटना की सूचना मिलने पर कनखल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में ले लिया. वहीं तीन गायों की मौत के बाद गौसेवा और गौरक्षा करने वाले लोगों की चुप्पी पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. वही आरोप ये भी लग रहे हैं कि रात के वक्त कार चालक नशे में था और तेज रफ्तार में उसने कार को दौड़ा रहा था. गाय को कुचलना के बाद कर चालक वहां रुका नहीं और मौके से फरार हो गया. वहीं पुलिस ने आरोपी कर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी कर ली है.