कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र स्थित राजकीय दून मेडिकल कॉलेज के छात्रावासों की मेस के संचालन में करीब 95 लाख रुपए की धोखाधड़ी और गबन का मामला सामने आया है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मेस मैनेजर अतीक अहमद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मामले के मुताबिक, मेरठ निवासी निशांत यादव ने कोतवाली पटेल नगर में शिकायत दर्ज कराई है कि राजकीय दून मेडिकल कॉलेज के पुरुष और महिला छात्रावासों में मेस संचालन के लिए 1 दिसंबर 2023 को अनुबंध किया गया था. मेस के संचालन और देखरेख के लिए अतीक अहमद निवासी धौलपुर, राजस्थान को मैनेजर नियुक्त किया गया था. उसे छात्रों से समन्वय, मेस संचालन और शुल्क की राशि एकत्र करने की जिम्मेदारी दी गई थी.
शिकायत में आरोप है कि अतीक अहमद ने छात्रों को कम पैसे में भोजन उपलब्ध कराने का लालच दिया और मेस शुल्क की रकम अपने निजी बैंक खाते में जमा करानी शुरू कर दी. जबकि मेस संचालन का जिम्मा पाए निशांत यादव को लगातार गुमराह करता रहा. कॉलेज प्रशासन की ओर से अप्रैल में निशांत यादव को महज 7.98 लाख रुपए का भुगतान किए जाने के बाद मामले पर संदेह हुआ.