देहरादून में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली के सिद्धू गैंग से जुड़े छह नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 44.61 ग्राम MDMA बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4.50 लाख बताई गई है
पुलिस के अनुसार 22 सितंबर की रात राजपुर पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने ओल्ड मसूरी रोड स्थित शहंशाई रिजॉर्ट के पास एक कार से चार युवकों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 27.12 ग्राम MDMA बरामद हुई। आरोपियों की पहचान वेदांत चौहान, रचित शर्मा, श्रीकांत ममगाई और चिराग रस्तोगी के रूप में हुई। इसके अलावा पुलिस ने सहस्त्रधारा हेलीपैड के पास से दो अन्य युवकों अभिषेक थापा और वैभव ममगांई को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 17.49 ग्राम MDMA बरामद हुई। इस तरह दोनों स्थानों से कुल 44.61 ग्राम MDMA बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे देहरादून के अलग-अलग इलाकों में रहते हैं और वर्तमान में देहरादून तथा अन्य राज्यों के विभिन्न संस्थानों से तकनीकी शिक्षा के कोर्स कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी दिल्ली निवासी सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू के लिए काम करते थे और उसके गैंग के पैडलर थे। पुलिस के मुताबिक, सिद्धू या उसके एजेंट समय-समय पर देहरादून आकर आरोपियों को MDMA उपलब्ध कराते थे। कभी-कभी आरोपी खुद भी दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश जाकर सिद्धू से MDMA व अन्य मादक पदार्थ लेकर देहरादून आते थे। इसके बाद इन नशीले पदार्थों को खासकर कॉलेज छात्रों को ऊंचे दामों पर बेचने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अच्छे परिवारों से ताल्लुक रखते हैं और उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। पूछताछ में उन्होंने अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए नशे के कारोबार में शामिल होने की बात बताई है। पुलिस ने सभी छह आरोपियों के खिलाफ थाना राजपुर में NDPS एक्ट की धारा 8/21/29/60 के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। आरोपियों के कब्जे से MDMA के अलावा UK 07 DE 4167 नंबर की इग्निस कार और 12 पॉलिथीन पैकेट भी बरामद किए गए हैं।