मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में रिश्ता लेकर घर से निकले एक परिवार को शायद अंदाजा भी नहीं था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है. हुआ यूं कि रविवार की देर शाम तिथौला गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भयंकर था कि कार की टक्कर लगते ही ई-रिक्शा पलट गया और उसमें सवार परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई. हादसे में एक ही परिवार के दो युवकों और एक मासूम बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई.
जानकारी के मुताबिक, रुड़की सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के ढंढेरा स्थित मिलापनगर निवासी अरशद पुत्र रईस (उम्र 30 वर्ष) और दिलशाद पुत्र अय्यूब (उम्र 30 वर्ष) अपने परिवार के साथ लक्सर क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे. बताया जा रहा है कि ई-रिक्शा में एक ही परिवार के 13 लोग सवार थे.
जैसे ही ई-रिक्शा मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के तिथौला गांव के पास पेट्रोल पंप के पास पहुंची, तो सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा में सीधी टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया. हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी के साथ चीख-पुकार मच गई. वहीं, चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े.