उत्तराखंड में आज सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला नजर आया. प्रदेश के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में सुबह से बारिश हो रही है. हरिद्वार में तेज हवाओं और बारिश के साथ जमकर ओले पड़े. जिससे कई गाड़ियों के शीशे टूट गये. वहीं, रामनगर में बारिश के बीच कानिया चौराहे पर विशालकाय पेड़ टूट गया. जिसकी चपेट में स्कूटी और फल का ठेला आया.
हरिद्वार में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट बदल ली. अचानक आसमान में काले बादल छाए और तेज हवाए चलने लगी. हवा और बारिश के साथ कई जगह ओले पड़ने शुरू हो गए. सुबह से आसमान में बादल छाए हुए थे. करीब साढ़े दस बजे के बाद बारिश शुरू हो गई. बारिश और ओलावृष्टि से मौसम सर्द हो गया. इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली.
वहीं, अचानक बदले मौसम के कारण जनजीवन भी प्रभावित हुआ. शुक्रवार को मौसम का मिजाज अचानक बदलने से लोगों को बारिश का सामना करना पड़ा. आसमान में बादल छाने के बाद तेज बारिश शुरू हो गई. इसी दौरान कई जगह ओले भी पड़े. बारिश और ओलावृष्टि के चलते तापमान में गिरावट महसूस की गई. मौसम में आए बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली. ठंडक का अहसास हुआ. अचानक हुई तेज बारिश के कारण सड़कों पर आवाजाही करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. बारिश के चलते लोग सुरक्षित स्थानों पर रुकते नजर आए.
रामनगर में बारिश के बीच एक बार फिर बड़ा हादसा होते-होते टल गया. कानिया चौराहे पर पंजाब नेशनल बैंक यानी पीएनबी के पास अचानक एक विशालकाय पेड़ भरभराकर सड़क पर गिर पड़ा. पेड़ की चपेट में आने से बैंक के बाहर खड़ी एक स्कूटी उसके भारी-भरकम तने के नीचे दब गई. पास में लगा फल का ठेला भी इसकी चपेट में आ गया. गनीमत रही कि फल ठेला संचालक ने पेड़ को गिरते देख तुरंत मौके से भागकर अपनी जान बचा ली,यदि वह समय रहते वहां से नहीं हटता, तो बड़ा हादसा हो सकता था. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. फायर ब्रिगेड की टीम ने पेड़ को हटाया.