उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में अगले महीने की शुरुआत बेहद खास और गहमागहमी भरी रहने वाली है। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का देहरादून दौरा तय हो चुका है। इन बड़े वीवीआइपी दौरों को लेकर शासन-प्रशासन से लेकर पुलिस महकमा पूरी तरह से तैयारियों में जुट गया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है।
तय कार्यक्रम के मुताबिक, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 1 नवंबर को देहरादून पहुंचेंगी। उनका रात्रि विश्राम राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति निकेतन में रहेगा। इसके बाद 2 नवंबर की सुबह राष्ट्रपति बाबा केदारनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए केदारनाथ धाम रवाना होंगी। राष्ट्रपति के आगमन को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रपति निकेतन और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।
राष्ट्रपति के दौरे के ठीक बाद, 6 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह देहरादून आएंगे। गृह मंत्री राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित होने वाले ऋेतिक परेड के भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस दौरान वह परेड की सलामी लेंगे और परेड कमांडर को ऐतिहासिक ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’ (President’s Police Colour) प्रदान करेंगे।
यूं तो उत्तराखंड का स्थापना दिवस 9 नवंबर को होता है, लेकिन पुलिस महकमे के लिए यह खास जश्न और सम्मान समारोह 6 नवंबर को ही आयोजित किया जा रहा है
गृह मंत्री के इस दौरे के साथ ही उत्तराखंड पुलिस अपनी पुरानी पहचान को अलविदा कहकर एक नए, रोबदार और आकर्षक रूप में नजर आने वाली है। देश का यह प्रतिष्ठित सम्मान मिलने के बाद पुलिस के झंडे (Police Flag) का रंग और डिजाइन बदल जाएगा। इतना ही नहीं, उत्तर प्रदेश पुलिस की तर्ज पर अब उत्तराखंड पुलिस के जवानों के सीने पर भी एक खास बैज चमकेगा। अब तक जवान बाईं बाजू पर जो गोल मोनोग्राम लगाते थे, उसमें भी सुधार किया जा रहा है। जवानों की टोपी, सीने और बाजू पर लगने वाले निशान (Insignia और Formation Sign) पूरी तरह नए रंग-रूप में दिखेंगे। वर्दी के इस नए मेकओवर से न सिर्फ पुलिस का लुक निखरेगा, बल्कि दूर से ही जवानों का पद और महकमे का मान साफ छलकेगा।