फिल्मी अंदाज में किडनैपिंग: बोलेरो सवार बदमाशों ने युवक को अगवा कर लूटी कार, पुलिस ने किया रेस्क्यू – Doon Ujala

फिल्मी अंदाज में किडनैपिंग: बोलेरो सवार बदमाशों ने युवक को अगवा कर लूटी कार, पुलिस ने किया रेस्क्यू

किच्छा में दिनदहाड़े युवक को अगवा किए जाने की घटना से अफरा-तफरी मच गई. बोलेरो सवार कुछ युवक रुद्रपुर रोड स्थित बैंक के सामने पहुंचे और वहां खड़ी कार में बैठे युवक को जबरन अपने वाहन में बैठाकर ले गए. आरोपी युवक की कार भी अपने साथ ले गए. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और कुछ ही समय में युवक तथा उसकी कार को बरामद कर लिया गया. शुरुआती जांच में मामला पैसों के लेनदेन के विवाद से जुड़ा सामने आया है. पुलिस अब आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है.

बाजपुर क्षेत्र के इटव्वा निवासी हरजिंदर सिंह पुत्र रतन सिंह का बिंदुखत्ता, लालकुआं निवासी कुछ युवकों के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था. सोमवार दोपहर बाद हरजिंदर अपने दोस्त संदीप निवासी बिंदुखेड़ा, रुद्रपुर के साथ स्विफ्ट डिजायर कार से किच्छा पहुंचा था. दोनों ने रुद्रपुर रोड स्थित बैंक के सामने अपनी कार खड़ी की. इसी दौरान संदीप किसी काम से कार से बाहर चला गया, जबकि हरजिंदर कार में ही बैठा रहा.बताया जा रहा है कि इसी बीच एक बोलेरो वाहन में सवार होकर कुछ युवक वहां पहुंचे.

उन्होंने हरजिंदर को घेर लिया और जबरन अपनी गाड़ी में बैठाने लगे. हरजिंदर ने बचने के लिए भागने का प्रयास भी किया, लेकिन आरोपी उसे जबरन बोलेरो में बैठाकर ले गए. इसके साथ ही आरोपियों का एक साथी हरजिंदर की स्विफ्ट डिजायर कार लेकर वहां से निकल गया. दिनदहाड़े हुई इस घटना से आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. पूरी वारदात बैंक के सामने लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई.

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल रवि कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही बोलेरो वाहन की तलाश शुरू की. पुलिस की सक्रियता और बढ़ती घेराबंदी को देखते हुए आरोपी नगला तिराहे के पास अगवा युवक हरजिंदर और उसकी कार को छोड़कर फरार हो गए. पुलिस ने युवक और वाहन को अपने कब्जे में लेकर राहत की सांस ली. इसके बाद आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों ने दबिश देना शुरू कर दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *