मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के हस्तक्षेप के बाद वन मंत्री सुबोध उनियाल और पुरोला भाजपा विधायक दुर्गेश्वर लाल के बीच विवाद का पटाक्षेप हो गया। वन मंत्री उनियाल ने अब मुख्य वन संरक्षक कार्मिक व फॉरेस्ट फायर निशांत वर्मा को डीएफओ दंपत्ति के खिलाफ मिली शिकायतों की जांच सौंपी है।
विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मंगलवार को क्षेत्र के कुछ कार्यकर्ताओं के साथ यमुना कालोनी स्थित वन मंत्री के सरकारी आवास पर धरना दिया था। विधायक गोविंद वन्यजीव विहार के साथ ही अपर यमुना व टौंस वन प्रभाग के डीएफओ की शिकायत लेकर पहुंचे थे। इन डिवीजनों में डीएफओ दंपति कार्यरत हैं।
सीएम ने बुधवार को मंत्री और विधायक को अपने आवास पर बुलाकर समझाया, इसके बाद मामले का पटाक्षेप हो गया। सीएम ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेंगे।