उत्तराखंड में 9 जनवरी से बदलेगा मौसम, बारिश-बर्फबारी के आसार; पूर्वानुमान में कोहरे पर अलर्ट

उत्तराखंड में नौ जनवरी से मौसम बदलने के आसार हैं। उत्तराखंड में नौ जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। मौसम विभाग के मुताबिक, पहाड़ी और मैदानी इलाकों में नौ एवं दस जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। ऊंचे इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना है। प्रदेशभर में लंबे समय से बारिश एवं बर्फबारी नहीं होने से फसलों पर भी असर पड़ रहा है।

मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी निदेशक रोहित थपलियाल ने बताया कि प्रदेश में अगले पांच दिन तापमान सामान्य बना रहेगा। बुधवार को दून का अधिकतम तापमान 22.5 एवं न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा। यूएसनगर और हरिद्वार में पांच दिन कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। दून, चंपावत, नैनीताल और पौड़ी में भी सुबह-शाम कोहरा छा सकता है।

हरिद्वार में बुधवार को साल का सबसे घना कोहरा छाने से लोग परेशान रहे। सुबह के समय शहर घने कोहरे की चादर से ढका रहा। इस दौरान घने कोहरे के चलते सुबह के समय कामकाजी लोगों को कार्य स्थल पर पहुंचने में असुविधा हुई।

साथ ही कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। सड़कों पर सुबह के समय दृश्यता पांच फुट से भी कम रही। इस कारण सड़कों पर हादसों का खतरा बना बन रहा। वहीं दिन में शीत लहर से कंपकपी बनी रही। साल के तीसरे दिन धर्मनगरी में ठंड का प्रकोप बढ़ गया। कोहरे के कारण कई स्थानों पर दृश्यता शून्य रही।

सड़कों पर वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी। चालकों को हेडलाइट जलाकर वाहन चलाने पड़े। दिन में सर्दी के बचने के लिए लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ा। सुबह होने पर जब लोगों ने घरों से निकलना शुरू किया तो चारों तरफ घना कोहरा छाया था। कोहरे के साथ ही अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *