उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को गुरुवार को प्रदेश की बागडोर संभालते तीन साल पूरे हो गए हैं। उन्होंने 4 जुलाई 2021 को प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर यह उनका दूसरा कार्यकाल है। राज्य के सीएम के तौर पर तीन साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री धामी ने पीएम मोदी का आभार व्यक्त किया है। साथ ही प्रदेश के विकास के लिए अपने दृढ़ संकल्पों को भी दोहराया है।
सीएम धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर किए अपने एक पोस्ट में लिखा कि आप सभी के स्नेह, समर्थन और आशीर्वाद से मुख्यसेवक के रूप में आज 3 वर्ष पूर्ण हुए हैं। जन-जन की आशाओं और आकांक्षाओं के अनुरूप इन वर्षों में देवभूमि उत्तराखण्ड के विकास और जनकल्याण के लिए निरंतर समर्पित होकर कार्य किया है और आगे भी इसी प्रकार प्रदेशवासियों के सर्वांगीण और सर्वस्पर्शी विकास के लिए कार्य करता रहूंगा।